बरेली: सपा मुलायम सिंह यादव यूथ ब्रिगेड के राष्ट्रीय अध्यक्ष सिद्धार्थ सिंह बोले- भाजपा अब सत्ता का सपना देखना छोड़ दे
बरेली, अमृत विचार। सभी मोर्चों पर विफल केंद्र और प्रदेश की भाजपा सरकार त्रिस्तरीय पंचायत चुनाव में सपा नेताओं, कार्यकर्ताओं के दमन पर उतर आई थी। जिला पंचायत अध्यक्ष और ब्लाक प्रमुख के चुनाव में लोकतंत्र का खुला मजाक उड़ाया। इसलिए भाजपा अब सत्ता का सपना देखना छोड़े दे। विधानसभा चुनाव में जनता इसका जवाब …
बरेली, अमृत विचार। सभी मोर्चों पर विफल केंद्र और प्रदेश की भाजपा सरकार त्रिस्तरीय पंचायत चुनाव में सपा नेताओं, कार्यकर्ताओं के दमन पर उतर आई थी। जिला पंचायत अध्यक्ष और ब्लाक प्रमुख के चुनाव में लोकतंत्र का खुला मजाक उड़ाया। इसलिए भाजपा अब सत्ता का सपना देखना छोड़े दे। विधानसभा चुनाव में जनता इसका जवाब देगी। यह बातें सोमवार को समाजवादी पार्टी मुलायम सिंह यादव यूथ ब्रिगेड के राष्ट्रीय अध्यक्ष सिद्धार्थ सिंह ने प्रथम बार बरेली आगमन पर कहीं।
सिद्धार्थ सिंह ने कहा कि समूचे प्रदेश में पार्टी को मजबूत बनाने, सांगठनिक स्तर पर चयन की प्रक्रिया तेज हो गई है। यदि जिला पंचायत अध्यक्ष एवं ब्लाक प्रमुखों के चुनाव में भाजपा ने शासन, सत्ता और प्रशासनिक मशीनरी का खुला दुरूपयोग न किया होता तो सपा सर्वाधिक सीटों पर जीतती क्योंकि सीधे चुनाव में अधिकांश जिला पंचायत एवं बीडीसी समाजवादी सोच के ही लोग जीते थे। लेकिन पुलिस मशीनरी के बल पर लोकतंत्र का समूचे प्रदेश में अपहरण हो गया, पुलिस प्रशासन मूक दर्शक बना रहा।

आगे कहा कि विरोध करने वाले सपा नेताओं, कार्यकर्ताओं पर फर्जी मुकदमें लगाये गये। चुनाव में सपा की सीटें भाजपा से तीन गुना तक रही। यह सब जनता समझ चुकी है। अब सिर्फ वक्त का इंतजार हो रहा है। इससे पूर्व फतेहगंज टोल प्लाजा पर सपा नेता मो. कलीमउद्दीन, फ्रंटल संगठन के अध्यक्ष गजेंद्र कुर्मी आदि ने उनका फूल मालाओं से स्वागत किया।
मिशन कम्पाउंड स्थित पार्टी कार्यालय पहुंचने पर जिलाध्यक्ष अगम मौर्य व महानगर अध्यक्ष शमीम खान सुल्तानी ने बुके भेंट कर स्वागत किया। जफर बेग, सत्येंद्र यादव, गौरव सक्सेना, रविंद्र यादव, संजीव यादव, नरेश पाल, हरिशंकर यादव, सूरज यादव, मयंक शुक्ला मोंटी, महिला सभा की अध्यक्ष भारती चौहान, सत्येंद्र श्रीवास्तव आदेश यादव गुड्डू, रेहानाबी, बृजेश श्रीवास्तव, मो. अशफाक आदि मौजूद रहे।
मजबूती दिखाने को काफिले के साथ पहुंचे थे सपाई
2022 का विधानसभा चुनाव नजदीक है। समाजवादी पार्टी से शहर व कैंट से बड़ी संख्या में लोगों ने दावेदारी की है। इनमें कुछ ऐसे हैं जिन पर हाईकमान नजर रखा है। वह अपना टिकट फाइनल होने का दावा भी कर रहे हैं। यही वजह है सोमवार को सिद्धार्थ सिंह के स्वागत के बहाने अपनी मजबूत का एहसास कराने से भी नहीं चूके। शहर से टिकट मांगने वाले सपा नेता मो. कलीमउद्दीन की बात करें तो बड़ी संख्या में वाहनों के काफिले के साथ टोल प्लाजा पर स्वागत करने पहुंचे। इनके अलावा भुवनेश यादव, गजेंद्र कुर्मी आदि नेताओं ने भी अपना बेहतर प्रदर्शन दिखाने की कोशिश की है।
