औरैया: ईद उल अजहा की नमाज अदा, मुल्क में अमन व शांति के लिए उठे हाथ
औरैया। कोविड संक्रमण को लेकर बुधवार को ईद-उल-अजहा मनायी गयी। कोरोना गाइडलाइन के चलते बीते वर्ष की तरह इस बार भी बकरीद की नमाज ईदगाह में नहीं हुई। लोगों ने घरों में ही नमाज पढ़ी। शारीरिक दूरी का पालन करते हुए बिना गले मिले ही एक-दूसरे को बकरीद की मुबारकबाद दी। कोविड की तीसरी लहर …
औरैया। कोविड संक्रमण को लेकर बुधवार को ईद-उल-अजहा मनायी गयी। कोरोना गाइडलाइन के चलते बीते वर्ष की तरह इस बार भी बकरीद की नमाज ईदगाह में नहीं हुई। लोगों ने घरों में ही नमाज पढ़ी। शारीरिक दूरी का पालन करते हुए बिना गले मिले ही एक-दूसरे को बकरीद की मुबारकबाद दी। कोविड की तीसरी लहर को देखते हुये सुरक्षा को लेकर कोविड की गाइड लाइन का पालन करते हुये सामूहिक नमाज अदा नहीं की गई। सरकार के निर्देश के बाद कम संख्या में लोगों ने मस्जिदों में नमाज अदा की, जबकि अधिसंख्य ने घरों में नमाज अदा की।
कस्बा के बाईपास पर स्थित ईदगाह मैदान में सन्नाटा पसरा रहा ईद गाह के चारो तरफ पुलिस फोर्स तैनात था। आस्ताना आलिया में मंजर मिया चिश्ती ने नमाज अदा कराई। बुखारी सहाव दरगाह पर मौलाना खलील उल्ला,बाबा का पुर्वा स्थित मक्का मस्जिद में मौलाना जकरिया ने, मोहल्ला तरीन स्थित मदीना मस्जिद मौलाना अदील ने कोविड गाइड लाइन का पालन करते हुये कम संख्या में लोगों ने नमाज अदा की। इस दौरान ईदगाह में चारो तरफ फोर्स तैनात कर दिया गया था। और मस्जिदों के जिम्मेदारों द्वारा सामूहिक नमाज पर सख्ती के साथ पाबंदी लगा दी गई। लोगों से घरों में ही ईद की नमाज अदा करने की अपील की गई थी।
नमाज के बाद दी गई कुर्बानी
बकरीद की नमाज अदा करने के बाद लोगों ने घरों में सेवईयां और मिठाई खाकर पर्व मनाया। साथ ही कुर्बानी दी। हैसियतमंद लोगों द्वारा अपने-अपने घरों में बकरे की कुर्बानी दी गई और गरीबों व जरूरतमंद पड़ोसियों, रिश्तेदारों के बीच वितरण किया। जबकि छोटे-छोटे बच्चे नए-नए कपड़े पहन कर खुशियां मनाते दिखे।
सुरक्षा को लेकर चौक-चौराहों पर तैनात थी पुलिस
बकरीद पर्व को लेकर पुलिस पूरी तरह अलर्ट रही। तिराहे व चौराहों के साथ-साथ चिन्हित जगहों पर पुलिस बल की तैनाती की गई थी। एसडीएम रमेश यादव,सीओ प्रदीप कुमार के अलावा थानाध्यक्ष श्रवण कुमार तिवारी व एसएसआई राम चन्द्र गौतम घूम-घूमकर जायजा ले रहे थे। पर्व को शांतिपूर्ण तरीके से संपन्न कराने को लेकर पुलिस द्वारा कस्बा क्षेत्र के विभिन्न मुहल्लों एवं गांव में गश्ती की जा रही थी। पदाधिकारियों ने बताया कि बकरीद पर्व को शांतिपूर्ण तरीके से संपन्न कराने को लेकर जिला प्रशासन व पुलिस प्रशासन पूरी तरह सतर्क है। उन्होंने बताया कि पुलिस जवानों द्वारा शरारती तत्वों एवं मनचले युवकों पर कड़ी निगाह रखी जा रही है।
