लौटन राम निषाद ने अति पिछड़ी जातियों को लेकर सभी दलों साधा निशाना, लगाए ये गंभीर आरोप
लखनऊ। विकासशील इंसान पार्टी (वीआईपी) के प्रदेश अध्यक्ष चौधरी लौटन राम निषाद की अध्यक्षता में पार्टी प्रदेश कार्यालय पर वीरांगना फूलन देवी की 20वीं पुण्यतिथि के अवसर पर रविवार को शहादत दिवस श्रद्धापूर्ण मनाया। इस अवसर पर प्रदेश अध्यक्ष ने राजनीतिक दलों पर निशाना साधते हुए कहा कि 17 अति पिछड़ी जातियों के साथ सभी …
लखनऊ। विकासशील इंसान पार्टी (वीआईपी) के प्रदेश अध्यक्ष चौधरी लौटन राम निषाद की अध्यक्षता में पार्टी प्रदेश कार्यालय पर वीरांगना फूलन देवी की 20वीं पुण्यतिथि के अवसर पर रविवार को शहादत दिवस श्रद्धापूर्ण मनाया। इस अवसर पर प्रदेश अध्यक्ष ने राजनीतिक दलों पर निशाना साधते हुए कहा कि 17 अति पिछड़ी जातियों के साथ सभी दलों ने वादा खिलाफी किया, आरक्षण नहीं तो वीआईपी पार्टी का गठबंधन नहीं मिलेगा।
श्रद्धांजलि सभा को संबोधित करते हुए प्रदेश अध्यक्ष लौटन राम निषाद ने फूलन देवी के जीवन संघर्ष पर चर्चा करते हुए कहा कि सामंती व्यवस्था व पुलिसिया जोर जुल्म ने उन्हें बिहार में जाने को विवश किया और संघर्ष के दौर में वह फुलवा से फूलन बन गईं। विश्व की क्रांतिकारी महिलाओं में फूलन देवी को चौथा स्थान दिया गया है। वीआईपी पार्टी के संस्थापक व बिहार सरकार के पशुधन एवं मत्स्य संसाधन मंत्री सन ऑफ मल्लाह मुकेश सहनी द्वारा 18 मंडलों में उनकी 18 फीट की प्रतिमा उनके शहादत दिवस के अवसर पर लगाने का निर्णय लिया गया था। प्रतिमा तय स्थानों पर पहुंच गई।
निषाद का आरोप है कि जिला व पुलिस प्रशासन ने जबरन प्रतिमाओं को अपने कब्जे में लेकर स्थापित करने से रोक दिया। 25 जुलाई 2016 को गोरखपुर में भी 35 फीट की प्रतिमा लगाई जानी थी जिसे तत्कालीन सरकार की पुलिस ने लगाने से रोक दिया था जिससे प्रदेश का निषाद, बिंद, कश्यप, रायकवार समाज सपा सरकार के खिलाफ चला गया। वर्तमान सरकार ने भी जाति विद्वेष की भावना से प्रतिमाएं स्थापित करने से रुकवाया है। आगामी विधानसभा चुनाव में निषाद समाज इसका बदला चुकता करेगा। वीआईपी संस्थापक मुकेश सहनी को बाबतपुर एयरपोर्ट से ही गिरफ्तार कराकर नजरबंद कर लोकतंत्र की हत्या किया है। उन्होंने कहा कि प्रदेश सरकार मुकेश सहनी व वीरांगना फूलन देवी की प्रतिमाओं से डर गई है।
निषाद ने कहा कि 17 अति पिछड़ी निषाद, मल्लाह, केवट, बिंद, माझी, मछुआ, धीवर,कहार, गोड़िया, तुरहा, रायकवार,बाथम,कुम्हार, प्रजापति, राजभर आदि को अनुसूचित जाति में शामिल करने के लिए सपा, बसपा, कांग्रेस, भाजपा आदि सहित अन्य छोटे दलों ने अनुसूचित जाति का दर्जा दिलाने का वादा किया लेकिन सभी का वादा कोरा साबित हुआ। श्रद्धांजलि सभा में युवा मोर्चा के राष्ट्रीय अध्यक्ष संतोष साहनी, प्रदेश महासचिव कैलाश नाथ निषाद, प्रदेश उपाध्यक्ष प्रभु दयाल निषाद, प्रदेश महासचिव अनुराग सिंह यादव अन्नु, प्रदेश सचिव मनोज यादव, प्रदेश प्रवक्ता इंजीनियर सौरभ निषाद, महिला सभा की प्रदेश उपाध्यक्ष मंजू कश्यप, डॉ. ऋषिकेश निषाद, गयाप्रसाद धुरिया, राजू कश्यप, तुलसी आदि सहित सैकड़ों लोग उपस्थित रहें।
