अम्बेडकरनगर: सतीश चन्द्र मिश्र का विरोधी दलों पर हमला, कहा- खुशी का क्या था कसूर?
अम्बेडकरनगर। यूपी के अम्बेडकर नगर जिले में बसपा द्वारा आयोजित प्रबुद्ध सम्मेलन में पार्टी महासचिव सतीश चंद्र मिश्रा ने जम कर विरोधी दलों पर हमला बोला और खुद को ब्राह्मणों का रहनुमा बताया। बसपा एक तरफ जहां जातीय समीकरण साधने में जुटी है वहीं अपने सम्बोधन में सतीश चंद मिश्रा ने कहा कि मेरे इस …
अम्बेडकरनगर। यूपी के अम्बेडकर नगर जिले में बसपा द्वारा आयोजित प्रबुद्ध सम्मेलन में पार्टी महासचिव सतीश चंद्र मिश्रा ने जम कर विरोधी दलों पर हमला बोला और खुद को ब्राह्मणों का रहनुमा बताया। बसपा एक तरफ जहां जातीय समीकरण साधने में जुटी है वहीं अपने सम्बोधन में सतीश चंद मिश्रा ने कहा कि मेरे इस कार्यक्रम से प्रदेश की सभी पार्टियां बौखला गई हैं। अयोध्या के बाद अम्बेडकरनगर में लगातार तीन प्रबुद्ध सम्मेलन करके बसपा अपनी पुरानी जमीन तलाशने की कोशिश कर रही है।
अकबरपुर के शिवाय लान में आयोजित प्रबुद्ध सम्मेलन में सतीश चंद्र मिश्र ने कहा कि बसपा के प्रबुद्ध सम्मेलन के बाद मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ खुद अयोध्या पहुंच गए और भाजपा को ब्राम्हणों का सम्मान करने का निर्देश दिया, इतना ही नहीं अब समाजवादी पार्टी ने भी अगस्त महीने से ब्राह्मण सम्मलेन करने का एलान करके यह साबित कर दिया कि बसपा प्रबुद्ध सम्मलेन का खौफ सभी दलों पर दिखाई पड़ने लगा है ,सतीश चंद्र मिश्र ने प्रबुद्ध सम्मेलन में आए सभी लोगो से अपील की ,कि आने वाले 2022 के चुनाव में प्रबुद्ध वर्ग और दलित समाज एक हो जाय तो प्रदेश में बसपा की सरकार बनने से कोई रोक नहीं सकता।
सतीश चन्द्र ने कानपुर के बिकरू कांड में जेल में बंद खुशी दूबे का जिक्र करते हुए कहा कि आखिर दो दिन पूर्व हुई शादी में खुशी का क्या कसूर था जो उसे जेल में डाल दिया गया। क्या उसका दोष इतना था कि वह ब्राहम्ण थी। अपने सम्बोधन में उन्होंने इशारों-इशारों में पवन पाण्डेय को अकबरपुर विधानसभा क्षेत्र से प्रत्याशी बनने का संकेत दिया। इसके पूर्व अपने सम्बोधन में पवन पाण्डेय ने कहा कि हमारे समाज के लोगों को अपना इतिहास नहीं भूलना चाहिए।
उन्होंने सतीश चन्द्र मिश्रा को अपना गुरू बताते हुए कहा कि वे उनके इशारे पर बसपा के लिए काम करते रहेंगे। उन्होंने कहा कि एक समय ऐसा था जब उन्होंने बसपा के पूर्वांचल कार्यालय के लिए अपनी खतौनी की जमीन निःशुल्क दी थी। पूर्व विधायक ने पूर्व मंत्री राम अचल राजभर के पुत्र द्वारा सोशल मीडिया पर की गई टिप्पणी पर भी चुटकी ली। इसके अलावां उन्होंने पूर्व मंत्री लालजी वर्मा द्वारा पाण्डेय परिवार की राजनीति को किनारे लगाने की दी गई धमकी पर कहा कि वे जातिवाद की गठरी छोड़ दें तो उन्हें उनकी औकात में ला दूंगा।
उन्होंने कहा कि यह दोनों लोग भ्रष्टाचार में लिप्त रहे हैं तथा उन्होंने नौकरियों के नाम पर लोगों से पैसे वसूले। सांसद रितेश पाण्डेय ने जिले के सृजन से लेकर जिले में हुए विकास कार्यों के लिए बसपा का बखान किया। उन्होंने कहा कि इस जिले के लिए जितना कुछ बसपा ने किया उतना किसी भी पार्टी ने नही किया। कार्यक्रम को पूर्व मंत्री नकुल दूबे तथा बसपा के जोनल कोर्डिनेटर घनश्याम चन्द्र खरवार ने भी सम्बोधित किया। कार्यक्रम में पूर्व मंत्री ओपी तिवारी भी मौजूद रहे। कार्यक्रम का संचालन उमानाथ दुबे ने किया। इस कार्यक्रम में भारी संख्या में प्रबुद्ध वर्ग के लोग शामिल रहे। जिनमें बड़ी संख्या में ब्राहम्णों का प्रतिनिधित्व रहा।
