हल्द्वानी: रक्षाबंधन से पहले मिलेगा तोहफा, डाक विभाग की हवाई पार्सल सुविधा दोबारा होगी शुरू

Amrit Vichar Network
Edited By Amrit Vichar
On

हल्द्वानी, अमृत विचार। लॉकडाउन के बाद 101 देशों के लिए बंद पड़ी अंतरराष्ट्रीय डाक और हवाई पार्सल सुविधा को डाक विभाग की ओर से दोबारा शुरू कर दिया है। रक्षाबंधन से पहले भाई-बहनों को डाक विभाग की ओर से त्योहार में एक तोहफा दिया गया है। साथ ही 67 देशों में उपभोक्ता अब दोबारा स्पीड …

हल्द्वानी, अमृत विचार। लॉकडाउन के बाद 101 देशों के लिए बंद पड़ी अंतरराष्ट्रीय डाक और हवाई पार्सल सुविधा को डाक विभाग की ओर से दोबारा शुरू कर दिया है। रक्षाबंधन से पहले भाई-बहनों को डाक विभाग की ओर से त्योहार में एक तोहफा दिया गया है। साथ ही 67 देशों में उपभोक्ता अब दोबारा स्पीड पोस्ट कर सकेंगे, जबकि 14 देशों में आईटीपीएस (अंतरराष्ट्रीय ट्रैक पार्सल) सेवाओं को शुरू कर दिया गया है।

नैनीताल जिले से विदेशों में सैकड़ों लोग हर महीने स्पीड पोस्ट, डाक या हवाई सुविधा से पार्सल भेजते हैं। बड़ी-बड़ी कंपनियों की ओर से भी आईटीपीएस के जरिये भारी भरकम पार्सल अन्य देशों में भिजवाए जाते हैं। कोरोना काल के कारण यह सुविधा बंद कर दी गई थी। अंतरराष्ट्रीय डाक विभाग की ओर से राज्य के पोस्टमास्टरों को 101 देशों में हवाई पार्सल के बुकिंग, 67 देशों में स्पीड पोस्ट व 14 देशों में आईटीपीएस की बुकिंग करने के निर्देश दे दिए हैं।

हल्द्वानी डाकघर के निरीक्षक वाईके बमेठा ने बताया कि उपभोक्ताओं को अब यह सुविधा दोबारा मिल गई है। बताया कि अफगानिस्तान, ऑस्ट्रिया, भूटान, बांग्लादेश आदि समेत 67 देशों में उपभोक्ता स्पीड पोस्ट कर सकते हैं। साथ ही ऑस्ट्रेलिया, बहरीन, भूटान, ब्राजील, बुलगेरिया आदि समेत 101 देशों व कम्बोडिया, हॉन्ग कॉन्ग, इंडोनेशिया, जापान आदि समेत 14 देशों में आईटीपीएस के जरिए पार्सल भेज सकते हैं। पिछले साल 104 देशों में डाक भेजने की अनुमति मिली थी, लेकिन इस बार केवल 101 देशों ने ही डाक भेजने की मंजूरी दी है।