यूपी: पाकिस्तानी हैंडलरों को रकम पहुंचाने वाला गिरफ्तार, 150 खातों से हुआ करोड़ों का लेनदेन
लखनऊ। यूपी एटीएस ने हवाला के माध्यम से पाकिस्तानी हैंडलरों को रकम पहुंचाने वाले 50 हजार के इनामी को गोरखपुर से गिरफ्तार किया है। आरोपी तीन साल से फरार चल रहा था। एटीएस के अधिकारियों ने बताया कि गिरफ्तार आरोपी पाकिस्तानी हैंडलर के कहने पर फर्जी दस्तावेजों के आधार पर आरोपी ने कूटरचित कागजात तैयार …
लखनऊ। यूपी एटीएस ने हवाला के माध्यम से पाकिस्तानी हैंडलरों को रकम पहुंचाने वाले 50 हजार के इनामी को गोरखपुर से गिरफ्तार किया है। आरोपी तीन साल से फरार चल रहा था। एटीएस के अधिकारियों ने बताया कि गिरफ्तार आरोपी पाकिस्तानी हैंडलर के कहने पर फर्जी दस्तावेजों के आधार पर आरोपी ने कूटरचित कागजात तैयार कर कई बैंकों में खाता खुलवाया था। इन खातों में वह पैसो को मंगवाता था। एटीएस ने आरोपी को न्यायालय में पेश कर सात दिन की रिमांड मांगी है। एटीएस आरोपी से बैंक खातों के ट्रांजेक्शन, बैंक खाते खुलवाने में सहयोग करने वाले व्यक्तियों के नाम के बारे में पूछताछ कर तह तक पहुंचेगी।
एटीएस अधिकारियों ने बताया कि गिरफ्त में आए आरोपी दिनेश कुमार सिंह उर्फ अजय कुमार सिंह उर्फ एके सिंह ने मुशर्रफ के साथ मिलकर फर्जी दस्तावेजों के आधार पर अलग-अलग बैंकों में अपनी फोटो लगाकर विभिन्न नाम से बैंक खाता खुलवाता था। जिसके बाद उन खातों में पैसा मंगवाया जाता था। आरोपी पैसा निकाल कर गिरोह के अन्य सदस्यों के माध्यम से दिल्ली भेजते थे। जहां से हवाला के माध्यम से पैसे बाहर भेजे जाने का काम किया जाता था।
तीन साल पहले एटीएस को मिली थी आरोपी की जानकारी
एटीएस के अधिकारियों ने बताया कि बीते 24 मार्च 2018 को अरशद, नईम और नसीम अहमद, मुकेश प्रसाद, मुशर्रफ अंसारी उर्फ निखिल राय उर्फ डब्लू, सुशील राय उर्फ अंकुर राय और दयानंद यादव को गिरफ्तार किया गया था। आरोपी अरशद, नईम और नसीम के कब्जे से करीब 46 लाख रुपये और अन्य कई चीजें बरामद हुईं थी। इन आरोपियों से पूछताछ में आरोपी अजय कुमार सिंह उर्फ एके सिंह उर्फ दिनेश कुमार सिंह निवासी मरवटियां वार्ड नंबर 3 बांसगांव थाना जनपद गोरखपुर का नाम प्रकाश में आया था। तभी से अजय की तलाश की जा रही थी। सोमवार को यूपी एटीएस ने अजय कुमार सिंह उर्फ दिनेश को गोरखपुर से दबोच लिया। आरोपी के पास से एक डायरी समेत आधार कार्ड, पैन कार्ड, दिल्ली मेट्रो कार्ड, स्वयं की 13 फोटो, मोटर साइकिल का रजिस्ट्रेशन सर्टिफिकेट और पर्स बरामद किया गया है।
पाकिस्तानी हैंडलरों को भेजता था पैसा-आईजी
इस बारे में जानकारी देते हुए एटीएएस आईजी जीके गोस्वामी ने बताया कि गिरफ्त में आए आरोपी दिनेश कुमार सिंह उर्फ अजय कुमार सिंह उर्फ एके सिंह ने मुशर्रफ के साथ मिलकर फर्जी दस्तावेजों के आधार पर विभिन्न बैंकों में अपनी फोटो लगाकर विभिन्न नाम से बैंक खाता खुलवाता था। उन खातों को मुशर्रफ अंसारी को दे देता था, जिसमें जमा किए पैसे को निकालकर मुशर्रफ हवाला के माध्यम से पाकिस्तानी हैंडलरो को भेजता था।
150 खाते आये सामने
आईजी ने बताया कि पूछताछ में से पता चला है कि इस गैंग ने कूट रचित दस्तावेजों के जरिए 150 से अधिक बैंक खाते खुलवाए हैं, जिनसे करोड़ो रुपये का लेन-देन हुआ है। आईजी ने बताया कि रिमांड मिलने के बाद इनसे अन्य खातों का विवरण और इनके सहयोगियों के बारे में भी पूछताछ की जायेगी।
