कोरोना काल में दुकानदार ने कर दी ऐसी घोषणा, लग गई हजारों की भीड़, मामला दर्ज
फगवाड़ा। कोविड प्रोटोकाल की धज्जियां उड़ाते हुए एक कपड़ा व्यावसायी की आज तड़के तीन बजे से पांच बजे के बीच पांच हजार रुपये के मूल्य का सूट 395 रुपये में बेचने की घोषणा के कारण फगवाड़ा के बंगा रोड पर हजारों की भीड़ जमा हो गई। जिसके बाद मची अफरातफरी के कारण दुकानदार ने दुकान …
फगवाड़ा। कोविड प्रोटोकाल की धज्जियां उड़ाते हुए एक कपड़ा व्यावसायी की आज तड़के तीन बजे से पांच बजे के बीच पांच हजार रुपये के मूल्य का सूट 395 रुपये में बेचने की घोषणा के कारण फगवाड़ा के बंगा रोड पर हजारों की भीड़ जमा हो गई। जिसके बाद मची अफरातफरी के कारण दुकानदार ने दुकान बंद कर दी और बेकाबू भीड़ को संभालने के लिए पुलिस को मशक्कत करनी पड़ी। पुलिस ने दुकानदार के खिलाफ मामला दर्ज कर लिया है।
पुलिस ने बताया कि फगवाड़ा-बंगा रोड पर स्थित आशू की हट्टी दुकान के मालिक आशू दुग्गल उर्फ अरमेश कुमार ने सोशल मीडिया में डाले वीडियो में यह घोषणा की थी। घोषणा के कारण कल रात से ही दुकान के बाहर लोगों की भीड़ जमा होने लगी। पंजाब के दूसरे हिस्सों से ही नहीं पड़ोसी राज्यों हिमाचल प्रदेश व हरियाणा से भी लोग यहां पहुंचे और तीन बजे से पहले हजारों लोगों की भीड़ जमा हो गई। करीब 700 लोगों को टोकन भी दिये गये थे। लेकिन भगदड़ जैसी स्थिति देखते हुए दुकानदार ने दुकान बंद कर दी। इसके बाद लोगों ने और हंगामा मचाया।
लोग सड़क पर ही धरने पर बैठ गये और फगवाड़ा-बंगा-चंडीगढ़ का यातायात बाधित हो गया। शहर थाना प्रभारी सुरजीत सिंह और पीसीआर प्रभारी शुमिंदर सिंह भाट्टी मौके पर पहुंचे और लोगों को शांत करने की कोशिश शुरू हुईं। बाद में पुलिस ने दुकानदार के अलावा छह अन्य लोगों के खिलाफ भी कोविड प्रोटोकाल के उल्लंघन के आरोप में भारतीय दंड संहिता की धारा 188 और आपदा प्रबंधन अधिनियम की धाराओं के तहत मामला दर्ज किया।
