बरेली: पोर्टल बंद, पर्ची पर मुहर लगाकर दी कोरोना रिपोर्ट
बरेली, अमृत विचार। जिला अस्पताल में पोर्टल बंद होने से कोविड रिपोर्ट लेने वालों को भारी मशक्कत करनी पड़ी। अस्पताल प्रबंधन ने अस्पताल के पर्चे पर ही एंटीजन की रिपोर्ट लिखकर दे दी। इससे लोगों को काफी दिक्कतों का सामना करना पड़ा। बुधवार को कोविड की एंटीजन जांच कराने के बाद स्वास्थ्य कर्मियों ने दो …
बरेली, अमृत विचार। जिला अस्पताल में पोर्टल बंद होने से कोविड रिपोर्ट लेने वालों को भारी मशक्कत करनी पड़ी। अस्पताल प्रबंधन ने अस्पताल के पर्चे पर ही एंटीजन की रिपोर्ट लिखकर दे दी। इससे लोगों को काफी दिक्कतों का सामना करना पड़ा।
बुधवार को कोविड की एंटीजन जांच कराने के बाद स्वास्थ्य कर्मियों ने दो घंटे बाद आने के लिए कहा था। स्वास्थ्य कर्मियों द्वारा दिए गए समय पर लोग पहुंचे तो कर्मचारियों ने पोर्टल नहीं चलने की बात कही और रिपोर्ट देने से मना कर दिया। इस पर लोगों का पारा चढ़ गया। अस्पताल प्रशासन से तत्काल रिपोर्ट देने की मांग करने लगे।

हंगामा बढ़ा तो अस्पताल कर्मियों ने अस्पताल की पर्ची पर ही एंटीजन रिपोर्ट देना शुरू कर दिया। दरअसल, अस्पताल में मरीजों को खून जांच, एक्सरे, सीटी स्कैन सहित सभी आवश्यक जांच कराने के लिए कोरोना की निगेटिव रिपोर्ट देनी होती है। ऐसे में रिपोर्ट न मिलने पर लोगों की अस्पताल के स्टाफ से काफी देर तक तीखी नोकझोंक भी हुई। पोर्टल शुरू न होने पर लोगों को अस्पताल के पर्चे पर ही मुहर लगाकर रिपोर्ट लिखकर दी गई। जिसके बाद लोगों ने अस्पताल में अपनी बीमारियों से संबंधित जांच कराई।
आईडीएसपी पोर्टल पर कुछ टेक्निकल समस्या को लेकर स्टाफ ने सूचित किया था। समस्या का समाधान करा दिया गया है। साथ ही संबंधित कर्मचारियों को ऐसी समस्या दोबारा न हो इसके लिए सख्त निर्देश भी दे दिए गए हैं। -डा. सुबोध शर्मा, मंडलीय अपर निदेशक एवं प्रमुख चिकित्सा अधीक्षक, जिला अस्पताल
