बरेली: ऑटो का इंतजार कर रही युवती का सर्किट हाउस चौराहे से अपहरण

Amrit Vichar Network
Edited By Amrit Vichar
On

बरेली, अमृत विचार। सर्किट हाउस चौराहे से दिन-दहाड़े एक युवती का कुछ कार सवारों ने अपहरण कर लिया। शोर मचाने पर स्थानीय लोग मदद के लिए दौड़े लेकिन युवती को बचा न सके। कार सवार अपहरणकर्ता मौके से फरार हो गए। सूचना पर पहुंची कोतवाली पुलिस को स्थानीय लोगों ने पूरे घटनाक्रम की जानकारी दी, …

बरेली, अमृत विचार। सर्किट हाउस चौराहे से दिन-दहाड़े एक युवती का कुछ कार सवारों ने अपहरण कर लिया। शोर मचाने पर स्थानीय लोग मदद के लिए दौड़े लेकिन युवती को बचा न सके। कार सवार अपहरणकर्ता मौके से फरार हो गए। सूचना पर पहुंची कोतवाली पुलिस को स्थानीय लोगों ने पूरे घटनाक्रम की जानकारी दी, लेकिन पुलिस ने घटना को मानने से ही इंकार कर दिया और तहरीर न आने की बात कहकर मामले को रफा-दफा कर दिया। अपहरण का मामला सोशल मीडिया पर वायरल होने के बाद पुलिस ने जांच शुरू की तो पता चला कि युवती हॉफिजगंज की है और वह कोर्ट में प्रेमी से शादी करने के लिए आयी थी।

सर्किट हाउस के पास गुरुवार की दोपहर करीब 1:30 बजे एक युवती का दिन-दहाड़े कुछ कार सवार बदमाशों ने अपहरण कर लिया। चश्मदीदों ने बताया कि युवती गंतव्य तक जाने के लिए ऑटो का इंतजार कर रही थी। इसी दौरान एक कार युवती के पास पहुंची। कार सवार युवकों ने युवती को जबरन गाड़ी के अंदर खींच लिया। युवती के शोर मचाने पर कुछ ही दूरी पर खड़ा नगर-निगम कर्मचारी मैसी, हैडिल ऑफिस कॉलोनी के चाय विक्रेता नितिन राणा व उसका साथी सत्यपाल युवती की तरफ दौड़े।

मददगारों के पहुंचने से पहले ही बदमाश युवती का अपहरण कर फरार हो गए। स्थानीय लोगों ने बताया कि सर्किट हाउस में तैनात पुलिस कर्मी भी बदमाशों की कार के पीछे भागे। इस दौरान चालक ने पुलिसकर्मी पर कार चढ़ाने का प्रयास किया। किसी तरह कार की चपेट में आने से सिपाही बच गया। वहीं दूसरी तरफ कोतवाली पुलिस ने वीआईपी इलाके में हुई दिन-दहाड़े अपहरण की वारदात से पल्ला झाड़ लिया है।

सफेद स्विफ्ट डिजायर से आए थे अपहरणकर्ता
मौके पर मौजूद चश्मदीदों ने बताया कि अपहरण कर्ता सफेद रंग की स्विफ्ट डिजायर कार से आए थे। लेकिन कार से बाहर न निकलने से उसमें कितने लोग थे, इसकी सटीक जानकारी नहीं है। स्थानीय लोगों ने बताया कि जिस जगह से युवती का अपहरण हुआ था, वहां सीसीटीवी कैमरे भी नहीं लगे हैं। हड़बड़ाहट में कार का नंबर नोट करने का भी ध्यान नहीं रहा।

पुलिस ने नहीं मानी तो फेसबुक पर डाली सूचना
चश्मदीदों व मौके पर मौजूद अन्य लोगों ने बताया कि घटना के तुरंत बाद पुलिस को सूचना दी थी। सूचना पर पहुंची कोतवाली पुलिस ने मामले की तफ्तीश करते हुए अपहरण की पुष्टि भी की थी। जानकारी लेने के बाद पुलिस घटना स्थल से चली गई, लेकिन कोई कार्रवाई नहीं की। जिसके बाद सोशल मीडिया की ताकत को जानते हुए चाय विक्रेता सचिन राणा ने अपहरण की सूचना तत्काल फेसबुक पर पोस्ट कर दी। इसके बाद शहर के लोगों ने घटना के बारे में जानकारी भी लेना शुरू कर दी थी। शाम तक शहर के ज्यादातर लोग घटना से वाकिफ हो चुके थे।

युवती के अपहरण की घटना को तहरीर की आड़ में किया रफा-दफा
युवती के अपहरण के समय घटना स्थल पर मौजूद लोगों की सूचना पर कोतवाली पुलिस पहुंची तो जरूर लेकिन कार्रवाई नहीं की। यहां तक की युवती की तलाश करना भी जरूरी नहीं समझा। वहीं वीआईपी इलाके में सरेआम बदमाशों द्वारा युवती के अपहरण की दिन-दहाड़े हुई वारदात को कोतवाली पुलिस ने कागजी कार्रवाई की आड़ में दबा दिया। समय रहते अगर पुलिस ने सतर्कता दिखाई होती तो शायद युवती का पता चल सकता था। चश्मदीदों के मुताबिक युवती का अपहरण करने के बाद बदमाशों की कार गांधी उद्यान के रास्ते पर आगे बढ़ी थी। इस रास्ते पर स्थित निजी अस्पताल व नर्सिंग होम, पेट्रोल पंप आदि के सीसीटीवी फुटेज से पता लगाया जा सकता था।

अपहरण हुआ होता तो तहरीर भी आती
कोतवाली पुलिस ने वीआईपी इलाके में युवती के अपहरण की वारदात को सिरे से नकार दिया है। साथ ही कागजी कार्रवाई का हवाला देते हुए जिम्मेदारी से पल्ला झाड़ लिया है। थाना प्रभारी पंकज पंत का कहना है कि युवती के अपहरण से संबंधित कोई सूचना नहीं मिली है और न ही कोई तहरीर आई है। वहीं घटना को 24 घंटे बीत चुके हैं, लेकिन किसी तरह की कोई कार्रवाई पुलिस की तरफ से नहीं की गई है।

यह भी पढ़ें-

बरेली: करोड़ों के टैक्स से कारोबारियों को बचाया, मिलीभगत की आशंका

संबंधित समाचार