यूपी: अखिलेश ने सीएम योगी को दी नसीहत, कहा- संतुलित भाषा का करें प्रयोग, जानें पूरा मामला
लखनऊ। समाजवादी पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष अखिलेश यादव ने कहा कि मुख्यमंत्री संतुलित भाषा का प्रयोग करें। उन्होंने मुलायम सिंह को अब्बाजान कहने पर कड़ी आपत्ति जताते हुए कहा कि हमारा आपका मुद्दों पर झगड़ा हो सकता है। इस प्रकार की टिप्पणी करने पर मुख्यमंत्री भी अपने पिता के लिए सुनने को तैयार रहें। साथ …
लखनऊ। समाजवादी पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष अखिलेश यादव ने कहा कि मुख्यमंत्री संतुलित भाषा का प्रयोग करें। उन्होंने मुलायम सिंह को अब्बाजान कहने पर कड़ी आपत्ति जताते हुए कहा कि हमारा आपका मुद्दों पर झगड़ा हो सकता है। इस प्रकार की टिप्पणी करने पर मुख्यमंत्री भी अपने पिता के लिए सुनने को तैयार रहें। साथ ही उन्होंने भाजपा सरकार में चल रहे किसान आंदोलन, उनकी जमीन का सही मुआवजा, प्रदेश में दूध डेयरी नई न खुलने समेत कई मुद्दों पर घेरा। इसके अलावा यूपी में बुलेट ट्रेन को लेकर तंज किया, पूछा सरकार बताए किस किधर से आ रही ट्रेन ?
समाजवादी पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष व पूर्व मुख्यमंत्री अखिलेश यादव ने शनिवार को प्रदेश कार्यालय में पत्रकारवार्ता को संबोधित करते हुए कहा कि भाजपा से संकल्प पत्र में कहा था कि 2022 में किसान की आय दुगुनी करने का विस्तृत रोडमैप तैयार किया जाएगा। उन्होंने प्रदेश की जनता जानना चाहती है कि आज किसान की आय क्या है और दुगुनी कब होगी ?
केंद्र व प्रदेश में सरकार होने पर भी किसान परेशान और सबसे ज्यादा दुखी है। उन्होंने कहा किसान विकास के खिलाफ नहीं, तरक्की के लिए कीमती जमीन दे दी। अब किसानों की जमीन छीनी जा रही, किसान कई वर्षों से आंदोलन कर रहे हैं, सरकार उनके खिलाफ काले कानून लाई है। इसके विरोध में किसान कल्याण समिति ने कई आंदोलन किए, उन्होंने समिति के सतीश राठी व बब्ली गुर्जर को आश्ववासन दिया कि सरकार आने पर किसानों की परेशानी का हल होगा।
अखिलेश ने भाजपा की प्रदेश सरकार पर निशाना साधते हुए कहा कि गुजरात से संबंध बड़े अच्छे है। साढ़े चार साल में कोई नई दूध डेयरी नहीं लगाई। हमारी सरकार में दो अमूल का प्लांट लग गया और एक इटावा में मदर डेयरी अधूरे प्लांट को पूरा किया। साथ ही पराग को हजारो करोड़ रुपये लेकर पटरी पर लाए। उन्होंने आरोप लगाया कि प्रदेश के दुग्ध उत्पादकों का दूध नहीं लिया जाता, गुजरात से दूध आता है। सरकार गन्ना का बकाया भुगतान करें। भाजपा के जिला पंचायत अध्यक्ष व ब्लाक प्रमुख के सम्मान पर कहा कि भाजपा ने अपमानित करने का काम किया।
उन्होंने आरोप लगाया कि जिला पंचायत अध्यक्ष बनने के लिए पैसा दिया गया, इससे बड़ा लोकतंत्र का अपमान क्या होगा। आज सबसे ज्यादा पिछड़े, दलित व मुस्लिम जेल में है। भाजपा ने 2014 व 2017 के चुनाव में सोशल मीडिया के फेक आडियो-विडियो का प्रयोग किया। इस अवसर पर वरिष्ठ नेता अबू आसिम आजमी, राष्ट्रीय महासचिव इन्द्रजीत सरोज, प्रदेश अध्यक्ष नरेश उत्तम पटेल, सांसद विशम्भर प्रसाद निषाद, शिक्षक महासभा के राष्ट्रीय अध्यक्ष प्रो. बी. पाण्डेय, पूर्व मंत्री राकेश वर्मा, पूर्व सांसद त्रिभुवनदत्ता आदि उपस्थित रहे।
बसपा के पूर्व सांसद समेत कई दलों ने ली सदस्यता
सपा में बसपा, कांग्रेस व शिरोमणि अकाली दल के पदाधिकारियों ने अपने समर्थकों के साथ सदस्यता ग्रहण की। इसमें बसपा के पूर्व सांसद रामपाल सैनी, कांग्रेस के प्रदेश कार्यकारिणी सदस्य उमा दत्त शर्मा, शिरोमणि अकाली दल के उत्तर प्रदेश अध्यक्ष के सरदार देवेंद्र सिंह, बसपा के पूर्व विधायक जितेंद्र, काजल निषाद शामिल हुए। महामण्डलेश्वर बालयोगी स्वामी सत्यात्मानंद गिरि ने वृंदावन के लड्डू गोपाल, रुद्राक्ष माला, अंगवस्त्र और छप्पन भोग भेंट किया जबकि सरदार देवेन्द्र सिंह ने तलवार भेंट की।
