पीलीभीत: गाय को खींचकर ले जा रहे थे तस्कर, पुलिस को देखते ही झोंक दिया फायर
पूरनपुर/पीलीभीत, अमृत विचार। गश्त के दौरान गौ तस्करों ने पुलिस की गाड़ी पर फायर झोंक दिया। निशाना चूक जाने से पुलिस टीम बाल-बाल बची। अंधेरा होने के कारण तस्कर फरार हो गए। गोली गाड़ी में धंस गई। पुलिस ने एक बैल और काटने के उपकरण बरामद किए हैं। फॉरेंसिक टीम ने मौके पर पहुंचकर साक्ष्य …
पूरनपुर/पीलीभीत, अमृत विचार। गश्त के दौरान गौ तस्करों ने पुलिस की गाड़ी पर फायर झोंक दिया। निशाना चूक जाने से पुलिस टीम बाल-बाल बची। अंधेरा होने के कारण तस्कर फरार हो गए। गोली गाड़ी में धंस गई। पुलिस ने एक बैल और काटने के उपकरण बरामद किए हैं। फॉरेंसिक टीम ने मौके पर पहुंचकर साक्ष्य जुटाए। पुलिस ने तीन अज्ञात के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज कर मामले की जांच शुरू कर दी है।
शुक्रवार सुबह तड़के कोतवाली पुलिस मुजफ्फरनगर जाने वाले मार्ग पर गश्त कर रही थी। इसी दौरान पुलिस को सूचना मिली की सिमरिया जाने वाले मार्ग पर तस्कर वध करने के लिए प्रतिबंधित पशु को ले जा रहे हैं। पुलिस सिमरिया चौराहे के पास पहुंच गई। चौराहे से लगभग 300 मीटर पीछे पुलिस ने बाइक आती देख तो गाड़ी की लाइट बंद कर दी।

इसके बाद पुलिस ने गाड़ी से बाइक पर सवार पशु तस्करों का पीछा किया। तस्कर बाइक के पीछे गाय को पकड़ कर ले जा रहे थे। पुलिस को पीछा करते देख एक तस्कर ने पुलिसकर्मियों पर फायर कर दिया। गनीमत रही तस्कर का निशाना चूक गया और गोली गाड़ी के दाहिने पहिए के ऊपर बोनट में जा लगी।
पुलिस को देख तस्कर ने बाइक सिमरिया गांव की तरफ मोड़ दी। इस दौरान उनके पास औजारों से भरा थैला गिर गया। रास्ता खराब होने और अंधेरे का फायदा उठाकर बाइक पर सवार तीनों तस्कर पुलिस को चकमा देकर फरार हो गए। पुलिस ने मौके से एक गाय और औजारों से भरा थैला बरामद किया। तस्करों की पुलिस ने काफी खोजबीन की लेकिन उनका कहीं पता नहीं चल सका। एसआई कपिल कुमार और धर्मेंद्र कुमार की ओर से पुलिस ने जानलेवा हमला करने वाले तीनों तस्करों के खिलाफ गंभीर धाराओं में मुकदमा दर्ज किया है।
कोतवाल पूरनपुर हरीश वर्द्धन सिंह ने बताया कि पीछा करने पर तस्करों ने जान से मारने की नीयत से फायर किया। मामले में रिपोर्ट दर्ज कर लह गई है। तस्करों की खोजबीन की जा रही है जल्द ही उन्हें जेल भेजा जाएगा।
पीलीभीत: वीरखेड़ा में भूदान की डेढ़ सौ एकड़ जमीन शारदा ने समेटी
