मुरादाबाद: जननी सुरक्षा योजना की धनराशि पाने को भटक रहीं लाभार्थी, लापरवाही
मुरादाबाद, अमृत विचार। स्वास्थ्य योजनाओं की बेहतरी का दावा जिले में फलीभूत नहीं हो रहा है। यहां तक कि प्रसूताओं को जननी सुरक्षा योजना (जेएसवाई) के तहत मिलने वाली धनराशि के भुगतान के लिए एक साल से कार्यालय का चक्कर काटने पड़ रहे हैं। ऐसे में जननी सुरक्षा का दावा दम तोड़ता दिख रहा है। एक …
मुरादाबाद, अमृत विचार। स्वास्थ्य योजनाओं की बेहतरी का दावा जिले में फलीभूत नहीं हो रहा है। यहां तक कि प्रसूताओं को जननी सुरक्षा योजना (जेएसवाई) के तहत मिलने वाली धनराशि के भुगतान के लिए एक साल से कार्यालय का चक्कर काटने पड़ रहे हैं। ऐसे में जननी सुरक्षा का दावा दम तोड़ता दिख रहा है। एक वर्ष से 225 महिलाएं योजना की धनराशि का चेक पाने के लिए दौड़ लगा रही हैं।
जननी सुरक्षा योजना के तहत सरकारी अस्पतालों में संस्थागत प्रसव होने पर महिलाओं के स्वास्थ्य की देखरेख के लिए एनएचएम के तहत निश्चित धनराशि दी जाती है। ग्रामीण क्षेत्र का निवासी होने पर 1400 रुपये और शहर की प्रसूता को प्रसव के बाद 1000 रुपये की धनराशि चेक के माध्यम से दी जाती है।
जिससे प्रसव के बाद देखरेख के लिए उनको किसी का मोहताज न होना पड़े। लेकिन महिला अस्पताल में प्रसव के बाद इस योजना का भुगतान पाने के लिए 225 महिलाओं को एक साल से दौड़ लगानी पड़ रही है। वहीं इस वर्ष अप्रैल से जुलाई तक भी योजना का लाभ समय से प्रसूताओं को नहीं मिल पा रहा है। हालांकि इस वर्ष 462 में से 424 को ही अब तक भुगतान पाया है।
जननी सुरक्षा योजना के भुगतान की स्थिति
वित्तीय वर्ष प्रसव की संख्या भुगतान पाने वालों की संख्या
2020-21 2408 2183
2021-22 462 424 अप्रैल से जुलाई 2021 तक
कोरोना संक्रमण के चलते जननी सुरक्षा योजना की धनराशि के भुगतान में विलंब हुआ है। कई प्रसूताओं ने इसके लिए आवेदन भी समय से नहीं किया था। बजट भी समय से नहीं मिला। जिससे भुगतान लंबित हुआ। जल्द ही सभी लाभार्थियों को योजना की धनराशि का भुगतान करा दिया जाएगा।
डॉ. सुनीता पांडेय, सीएमएस महिला अस्पताल
यह भी पढ़ें-
मुरादाबाद: 16 से खुलेंगे स्कूल-कॉलेज, स्वास्थ्य महकमा भी अलर्ट
