बरेली: लालफाटक रोड पर पेड़ों को ट्रांसलोकेट करने की ढूंढी संभावना

Amrit Vichar Network
Edited By Amrit Vichar
On

बरेली, अमृत विचार। बहुप्रतीक्षित लालफाटक से बदायूं रोड के चौड़ीकरण का काम शुरू कराने की तैयारी शुरू हो गई है। सड़क को फोरलेन बनाने के लिए जद में कितने पेड़ आ रहे हैं, इसके सर्वे के लिए शनिवार को पीडब्ल्यूडी के साथ वन विभाग की टीम ने संयुक्त सर्वे किया। इन पेड़ों का कटान किए …

बरेली, अमृत विचार। बहुप्रतीक्षित लालफाटक से बदायूं रोड के चौड़ीकरण का काम शुरू कराने की तैयारी शुरू हो गई है। सड़क को फोरलेन बनाने के लिए जद में कितने पेड़ आ रहे हैं, इसके सर्वे के लिए शनिवार को पीडब्ल्यूडी के साथ वन विभाग की टीम ने संयुक्त सर्वे किया। इन पेड़ों का कटान किए बगैर उन्हें ट्रांसलोकेट कैसे किया जाए, अधिकारी इसको लेकर संभावनाएं तलाश रहे हैं। पीडब्ल्यूडी के इंजीनियरों का कहना है कि सर्वे हो चुका है लेकिन पूरी रिपोर्ट रविवार को तैयार की जाएगी। इसके आधार पर तय किया जाएगा कि सड़क के चौड़ीकरण को लेकर कौन का विकल्प उचित रहेगा।

लालफाटक से बदायूं स्टेट हाईवे तक की सड़क 4.3 किलोमीटर लंबी है। अभी इस सड़क की चौड़ाई काफी कम है। साथ ही उसकी हालत भी खराब है। लालफाटक क्रासिंग पर ओवरिब्रज का निर्माण भी अंतिम चरण में है। इसलिए इस सड़क को चौड़ा करने की कार्ययोजना पीडब्ल्यूडी निर्माण खंड भवन ने शासन को भेजी थी।

पीडब्ल्यूडी अधिकारियों ने बताया कि पिछले सप्ताह लालफाटक से बदायूं मार्ग तक फोरलेन निर्माण प्रस्ताव को मंजूरी शासन से मिल गई। करीब 26 करोड़ का बजट स्वीकृत हुआ है। एक निजी कंपनी के माध्यम से कार्य होगा। उप मुख्यमंत्री केशव प्रसाद मौर्य की घोषणा में लालफाटक- बदायूं मार्ग फोरलेन शामिल था। पीडब्ल्यूडी ने मुख्यमंत्री की घोषणा के बाद सड़क चौड़ीकरण का सर्वे पूरा कर प्रस्ताव शासन को भेजा था।

लालफाटक से बदायूं रोड तक दोनों साइड में पेड़ हैं। शनिवार को वन विभाग, पीडब्ल्यूडी और निजी कंपनी के अधिकारियों ने पेड़ों का सर्वे कार्य शुरू किया है। जो तीन से चार दिन में पूरा होगा। जो पेड़ ट्रांसलोकेट होंगे, उनको चिन्हित किया जाएगा। जो बड़े पेड़ हैं, ट्रांसलोकेट नहीं हो सकते हैं, उनका कटान कराया जाएगा। सर्वे में वन विभाग से रेंजर वैभव चौधरी और पीडब्ल्यूडी के अवर अभियंता विवेक शर्मा शामिल रहे।

लालफाटक-बदायूं मार्ग चौड़ीकरण की टेंडर प्रक्रिया पूरी हो चुकी है। पेड़ों को ट्रांसलोकेट करने का सर्वे शुरू कराया गया है। तीन-चार दिन में सर्वे पूरा होगा। इस रोड का निर्माण जल्द से जल्द शुरू कराने की तैयारी है। -अरविंद कुमार, एक्सईएन, निर्माण खंड भवन, पीडब्ल्यूडी

संबंधित समाचार