बरेली: दिसंबर से पहले सभी कार्य पूरे किए जाएं- मेयर
बरेली, अमृत विचार। नगर निगम में गुरुवार को मेयर ने नगर आयुक्त एवं निर्माण विभाग के अधिकारियों के साथ शहर के विकास को लेकर चल रहे निर्माण कार्यों की समीक्षा बैठक की। इस दौरान निर्माण कार्य की धीमी प्रगति पर ठेकेदार और इंजीनियर मेयर के निशाने पर रहे। उन्हें चेतावनी दी कि जनहित एवं विकास …
बरेली, अमृत विचार। नगर निगम में गुरुवार को मेयर ने नगर आयुक्त एवं निर्माण विभाग के अधिकारियों के साथ शहर के विकास को लेकर चल रहे निर्माण कार्यों की समीक्षा बैठक की। इस दौरान निर्माण कार्य की धीमी प्रगति पर ठेकेदार और इंजीनियर मेयर के निशाने पर रहे। उन्हें चेतावनी दी कि जनहित एवं विकास कार्यों में अगर किसी भी प्रकार की लापरवाही मिली तो बर्दाश्त नहीं किया जाएगा। कोई भी ठेकेदार कार्य में लापरवाही बरतता है तो उसे तत्काल नोटिस जारी करने के निर्देश दिए। साथ ही दिसंबर से पहले सभी निर्माण कार्यों को पूरा करने के निर्देश दिए।
मेयर डा. उमेश गौतम ने निर्माण विभाग के मुख्य अभियंता बीके सिंह और अन्य अधिकारियों से 15वें वित्त, राज्य वित्त व अन्य मदों के तहत शहर में चल रहे निर्माण कार्यों की प्रगति के बारे में पूछा। कुछ कार्यों की धीमी प्रगति पर अफसरों को तय समय में पूरा करने के निर्देश दिए। विभिन्न सड़कों और नालियों के निर्माण सहित नगर निगम की निर्माणाधीन इमारत के कार्यों की समीक्षा की।
मेयर ने अधिकारियों से दो टूक कहा कि जनहित एवं विकास कार्यों में किसी भी प्रकार की लापरवाही अक्षम्य है। कोई भी ठेकेदार कार्य में लापरवाही बरतता है तो नोटिस जारी किया जाए। इसके बाद भी अगर उसकी कार्यशैली में सुधार नहीं होता है तो ब्लैक लिस्टेड किया जाए। नगर आयुक्त अभिषेक आनंद ने कहा कि कार्य पूरे होने से जहां बरेली शहर एक नए रूप में नजर आएगा। वहीं जनता को भी खस्ताहाल सड़कों और जलभराव जैसी समस्याओं से निजात मिल सकेगी। इस मौके पर नगर आयुक्त के अलावा निर्माण विभाग के मुख्य अभियंता, एई, जेई आदि उपस्थित थे।
