बदायूं: पत्नी को न भेजने पर ससुर की हत्या

Amrit Vichar Network
Edited By Amrit Vichar
On

बदायूं, अमृत विचार। थाना इस्लामनगर क्षेत्र के एक गांव में पत्नी को न भेजने पर पति ने अपने ससुर की धारदार हथियार से गला काटकर हत्या कर दी। पति के मारपीट और परेशान करने की वजह से पत्नी ढाई महीने से ससुराल छोड़कर आ गई थी। इसके बाद से दामाद अपने ससुर से द्वेष मानता …

बदायूं, अमृत विचार। थाना इस्लामनगर क्षेत्र के एक गांव में पत्नी को न भेजने पर पति ने अपने ससुर की धारदार हथियार से गला काटकर हत्या कर दी। पति के मारपीट और परेशान करने की वजह से पत्नी ढाई महीने से ससुराल छोड़कर आ गई थी। इसके बाद से दामाद अपने ससुर से द्वेष मानता था। पुलिस ने हत्यारोपी दामाद को उसके गांव से गिरफ्तार कर लिया। आलाकत्ल भी बरामद कर लिया है। शुक्रवार को शव का पोस्टमार्टम कराया गया।

इस्लामनगर क्षेत्र के गांव भुसाया निवासी राम सिंह (70) पुत्र प्राणसुख ने अपनी बेटी गुड्डो उर्फ गुड़िया की शादी जिला संभल के गांव मंडलपुर निवासी जमुना प्रसाद से की थी। आरोप है कि जमुना प्रसाद गुड्डो से अक्सर ही मारपीट करता था। गुड्डो परेशान होकर अपने मायके आ जाती और कुछ समय बीतने के बाद फिर ससुराल चली जाती थी।

तकरीबन ढाई महीने पहले गुड्डो और जमुना प्रसाद का झगड़ा हो गया जिसके बाद से गुड्डो अपने पति को छोड़कर मायके में ही रहने लगी थी। कुछ दिन बाद गुड्डो पंजाब में रहने वाले अपने भाई महावीर व अतर सिंह के पास रहने लगी। इसके बाद से जमुना प्रसाद अपने ससुर राम सिंह से द्वेष मानने लगा था।

गुरुवार को रात में किसी समय जमुना प्रसाद अपनी ससुराल भुसाया आया। धारदार हथियार से राम सिंह का गला काट दिया। राम सिंह की मौके पर ही मौत हो गई। हत्या के बाद घर से निकलते समय गांव की एक महिला ने उसे देख लिया। शुक्रवार सुबह चार बजे राम सिंह की पत्नी लौंगश्री के विलाप करने पर परिवार के अन्य सदस्यों को जानकारी हुई तो पुलिस को फोन किया।

गांव की महिला ने दामाद के आने के बारे में बताया। मौके पर पहुंचकर पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। राम सिंह के बेटे की तहरीर पर पुलिस ने गांव मंडलपुर जाकर जमुना प्रसाद को उसके घर से गिरफ्तार कर लिया। सख्ती से पूछताछ हुई तो उसने आलाकत्ल की जानकारी दी।

एसपी देहात सिद्धार्थ वर्मा ने बताया कि हत्यारोपी की पत्नी का उससे विवाद होने के बाद वह छोड़कर चली आई थी और अपने भाई के पास पंजाब रहने लगी थी। दामाद इसी बात से नाराज था। हत्यारोपी को गिरफ्तार कर लिया गया है और आलाकत्ल भी बरामद हुआ है।

संबंधित समाचार