बरेली: उमरसिया के छात्रों को मिलेगी शिक्षा की सौगात, 2.77 करोड़ की लागत से बन रहा विद्यालय
बरेली, अमृत विचार। उमरसिया गांव में 2.77 करोड़ की लागत से राजकीय इंटर कॉलेज का निर्माण कराया जा रहा है। 31 दिसंबर तक विद्यालय भवन का निर्माण कार्य पूरा कर शिक्षण कार्य संचालित हो जाएगा। इसके बनने से स्थानीय छात्रों के साथ ही आस पास के गांव के छात्रों को पढ़ाई की सुविधा मिलेगी। उमरसिया …
बरेली, अमृत विचार। उमरसिया गांव में 2.77 करोड़ की लागत से राजकीय इंटर कॉलेज का निर्माण कराया जा रहा है। 31 दिसंबर तक विद्यालय भवन का निर्माण कार्य पूरा कर शिक्षण कार्य संचालित हो जाएगा। इसके बनने से स्थानीय छात्रों के साथ ही आस पास के गांव के छात्रों को पढ़ाई की सुविधा मिलेगी।
उमरसिया में बन रहे विद्यालय में छठवीं से 12वीं तक की पढ़ाई होगी। इसके लिए सृजित पदों पर शिक्षकों की नियुक्त की जानी है। विभागीय स्तर पर इसकी रूपरेखा बनाकर शासन को भेजी गयी है। वर्तमान में यहां के छात्रों को पढ़ने के लिए शहर के स्कूलों में जाना पड़ता है। हालांकि कुछ निजी विद्यालयों में छात्र दाखिला लेकर पढ़ाई कर रहे हैं लेकिन अब उमरसिया गांव में विद्यालय निर्माण होने से अभिभावकों को मोटी रकम नहीं खर्च करनी पड़ेगी। सरकारी विद्यालय में प्रवेश के साथ ही छात्रों को अनेक सुविधाओं व योजनाओं का लाभ भी मिलेगा।
आधुनिक सुविधाओं से लैस होगी प्रयोगशाला
निर्माणाधीन विद्यालय में प्रयोगात्मक विषयों के लिए आधुनिक प्रयोगशाला का निर्माण कार्य पूरा कर लिया गया है। भौतिक, रसायन और जीव विज्ञान की प्रयोगशाला में बाकायदा गैस पाइपलाइन की फिटिंग कराई जा रही है। इसके लिए मानक के अनुरूप तीन बड़े कक्षों का निर्माण कराया गया है। प्रत्येक प्रयोगशाला में क्षमता के अनुरूप एक बार में अधिकतम 60 छात्र प्रयोगात्मक कार्य कर सकेंगे। निर्माणाधीन भवन के कक्षाओं को हवादार बनाया गया है। विद्यालय में छात्रों के खेलने के लिए पर्याप्त मैदान की व्यवस्था भी होगी।
31 दिसंबर तक विद्यालय का निर्माण कार्य पूरा कर लिया जाएगा। इसके लिए संबंधित कर्मचारी व ठेकेदार को निर्देशित किया गया है। यहां पर सृजित पदों पर शिक्षकों की नियुक्ति होने तक शिक्षकों की व्यवस्था कर सुचारू करा दिया जाएगा। – डा. अमरकांत सिंह, जिला विद्यालय निरीक्षक
