बरेली: रक्षाबंधन पर शहर जाम, मिनटों का सफर घंटो में हुआ पूरा
बरेली, अमृत विचार। रक्षाबंधन के मौके पर शहर में उमड़ी भीड़ से यातायात व्यवस्था ठप हो गई। पूरे दिन मुख्य मार्गों से लेकर गली मोहल्लों में वाहन रेंगते रहे। अपनों के साथ पर्व मनाने के लिए घर से निकले भाई-बहन घंटों जाम में फंसे रहे। चौराहों पर लगे जाम को खुलवाने में पुलिस को कड़ी …
बरेली, अमृत विचार। रक्षाबंधन के मौके पर शहर में उमड़ी भीड़ से यातायात व्यवस्था ठप हो गई। पूरे दिन मुख्य मार्गों से लेकर गली मोहल्लों में वाहन रेंगते रहे। अपनों के साथ पर्व मनाने के लिए घर से निकले भाई-बहन घंटों जाम में फंसे रहे। चौराहों पर लगे जाम को खुलवाने में पुलिस को कड़ी मशक्कत करनी पड़ी। वहीं कुछ जगह पर ट्रैफिक पुलिस ही नदारद दिखी। भीषण गर्मी में जाम में फंसने से लोगों का पसीना छूट गया।
रविवार को शहर में त्योहार के चलते लोगों की भीड़ उमड़ने से जगह-जगह जाम लग गया। दिन भर वाहनों की आवाजाही बरकरार रही। यहां तक कि लोग शारीरिक दूरी का पालन करना भूल गए। किला पुल से लकर चौपुला चौराहे तक सुबह 10 बजे से लेकर देर शाम तक भीषण जाम लगा रहा। जिसके चलते दो किलोमीटर की दूरी को तय करने में करीब एक से डेढ़ घंटे का समय लगा। वहीं चौपुला के पुराने पुल पर बदायूं आने जाने वाले लोगों को भी काफी दिक्कतों का सामना करना पड़ा। लोग जाम से बचने के लिए शहर के अंदर गलियों से होकर गुजरे तो वहां भी जाम के हालात पैदा हो गए।
दिनभर रही जाम की समस्या
चौपुला चौराहे से पटेल चौक को जाने वाली सड़क पर भी दिनभर जाम में फंसकर लोग परेशान होते रहे। श्यामगंज चौराहा से सेटेलाइट चौराहे तक भी वाहन जाम में फंसकर रेंगते हुए नजर आए। इसके अलावा शहर में अन्य जगह भी जाम से लोगों को आवागमन में परेशानी हुई। यातायात व्यवस्था को दुरुस्त रखने के लिए यातायात पुलिस ने एक दिन पहले इंतजाम के दावे किए थे लेकिन सारे दावे हवा में उड़ गए। कई जगह तो पुलिसकर्मी ही गायब रहे।
सवारी में बैठकर ही बताया लेट होने की वजह
रक्षाबंधन पर भाइयों की सलामती की दुआ लेकर घरों से निकलीं बहनों का बेतरतीब जाम ने रास्ता रोक दिया। जाम में फंसीं गाड़ियों में मौजूद बहनें फोन पर ही भाइयों को हालात बयां कर देरी से आने का कारण बताने लगीं। कई बहनें मुहूर्त बीत जाने के बाद भाइयों के पास पहुंच सकीं।
