कानपुर: पत्नी की हत्या कर फांसी पर झूला युवक, जानें क्या थी वजह
कानपुर। महाराजपुर के रूमा में रक्षाबंधन पर मायके जाने को लेकर दंपति के बीच विवाद हुआ और युवक ने पत्नी की हत्या के बाद खुद फांसी पर झूल गया। रविवार सुबह पड़ोसी किराएदार ने दोनों के शव कमरे में देखे तो मकान मालिक और पुलिस को सूचना दी। महाराजपुर पुलिस और फोरेंसिक टीम ने जांच …
कानपुर। महाराजपुर के रूमा में रक्षाबंधन पर मायके जाने को लेकर दंपति के बीच विवाद हुआ और युवक ने पत्नी की हत्या के बाद खुद फांसी पर झूल गया। रविवार सुबह पड़ोसी किराएदार ने दोनों के शव कमरे में देखे तो मकान मालिक और पुलिस को सूचना दी। महाराजपुर पुलिस और फोरेंसिक टीम ने जांच पड़ताल के बाद दोनों शवों को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया।
कलह बन गई काल, आए दिन दोनों में होते थे झगड़े
महाराजपुर थाना प्रभारी राघवेंद्र सिंह ने बताया कि औरैया के बंसी की मड़ैया अछल्दा निवासी जयवीर रैदास (27) पत्नी रूबी (25) के साथ रूमा में रामकुमार के घर किराए पर कमरा लेकर रहता था। दंपती औद्योगिक क्षेत्र रूमा की एक फैक्ट्री में एक साथ काम भी करते थे। पड़ोसी किराएदार मीना वर्मा ने बताया कि सुबह काफी देर तक कोई आहट नहीं आने पर उन्होंने खिड़की से झांक कर देखा तो एक का शव फंदे से लटक रहा था। जबकि रूबी का शव जमीन पर पड़ा हुआ था।
मीना की चीख सुनकर मकान मालिक व पड़ोसी मौके पर आ गए । महाराजपुर थाने में सूचना दी। पुलिस और फोरेंसिक टीम ने मौके पर घंटों जांच-पड़ताल कर साक्ष्य जुटाए। थाना प्रभारी की मानें तो दोनों ने करीब साढ़े तीन साल पहले शादी की थी। आए दिन दोनों के बीच घरेलू कलह भी होता था। रक्षा बंधन पर मायके जाने को लेकर भी दोनों के बीच विवाद हुआ था। पत्नी के गले में रस्सी से घोंटने के निशान है। इससे अनुमान लगाया जा रहा है कि पत्नी की हत्या के बाद युवक फांसी पर झूल गया।
रक्षाबंधन पर दंपति की मौत से परिवार में छाया मातम
रक्षा बंधन पर दंपति के मौत की खबर सुनते ही औरैया अछल्दा से जयवीर के परिजन और रूमा निवासी रूबी के परिवार वाले मौके पर पहुंचे। दोनों परिवारों ने किसी पर भी कोई आरोप नहीं लगाया। दंपति का शव देखकर दोनों परिवारों में कोहराम मच गया। थाना प्रभारी राघवेंद्र सिंह ने बताया कि पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद रूबी के मौत का कारण स्पष्ट हो सकेगा।
