बरेली: सीएमओ की चेतावनी के बाद भी ठेका कर्मियों ने खाली नहीं किया आवास
बरेली, अमृत विचार। 300 बेड कोविड अस्पताल में अवैध रूप से सरकारी आवासों पर कब्जा जमाए कर्मचारियों को आवास खाली करने का सोमवार को अंतिम दिन था लेकिन आवास खाली नहीं किए गए। मुख्य चिकित्सा अधिकारी ने बीते शुक्रवार को औचक निरीक्षण के दौरान परिसर में सरकारी आवासों पर अवैध कब्जा देखकर तीन दिन का …
बरेली, अमृत विचार। 300 बेड कोविड अस्पताल में अवैध रूप से सरकारी आवासों पर कब्जा जमाए कर्मचारियों को आवास खाली करने का सोमवार को अंतिम दिन था लेकिन आवास खाली नहीं किए गए। मुख्य चिकित्सा अधिकारी ने बीते शुक्रवार को औचक निरीक्षण के दौरान परिसर में सरकारी आवासों पर अवैध कब्जा देखकर तीन दिन का अल्टीमेटम देकर आवास खाली करने के निर्देश दिए थे। अब नौकरी से हटाए गए ठेका कर्मचारियों को पुलिस का सहयोग लेकर सरकारी आवासों से बाहर किया जाएगा।
38 कर्मचारियों की हुई थी तैनाती
करीब डेढ़ साल पहले कोरोना की पहली लहर ने दस्तक दी थी तो 300 बेड अस्पताल को आनन-फानन में अस्थाई तौर पर कोविड अस्पताल बनाया गया था। यहां मरीजों के इलाज और साफ-सफाई जैसी जरूरत पूरी करने के लिए मानव संसाधन की जरूरत थी। इसे पूरा करने के लिए फर्म के माध्यम से 38 कर्मचारियों की तैनाती की गई थी।
इन कर्मचारियों में नर्सिंग, पैरामेडिकल समेत चतुर्थ श्रेणी कर्मचारी शामिल थे। करीब तीन माह पहले कोरोना संक्रमण की दूसरी लहर का प्रकोप थमने के बाद इन कर्मचारियों की सेवाएं विभाग ने समाप्त कर दी थीं लेकिन हटाए जाने के बावजूद अब तक सरकारी आवासों में कई कर्मचारियों का मानदेय अटका होने के चलते कर्मचारी आवासों में निवास कर रहे थे।
14 दिन क्वारंटाइन होने के लिए बनाए थे आवास
अस्पताल प्रशासन के अनुसार ठेका कर्मियों के लिए वैसे तो सरकारी आवास में रहने की कोई व्यवस्था नहीं थी, चूंकि स्टाफ कोविड मरीजों के इलाज में ड्यूटी पर थे। इसलिए 14 दिन का क्वारंटाइन पूरा करने के लिए स्टाफ को अलग-अलग आवास दिए गए थे। लेकिन कई कर्मचारियों ने यहां अवैध रूप से कब्जा कर लिया।
निरीक्षण के दौरान ही कर्मचारियों को आवास खाली करने को कहा गया था। जिसके लिए तीन दिन का समय निर्धारित किया गया था, सोमवार को यह समयावधि पूरी हो रही है। अब पुलिस के सहयोग से आवास खाली कराए जाएंगे। अगर कर्मचारी नहीं मानते हैं संबंधित के खिलाफ कानूनी कार्रवाई की जाएगी। -डा. बलवीर सिंह, मुख्य चिकित्सा अधिकारी
