लखीमपुर-खीरी: पुलिस अभिरक्षा में हालत बिगड़ी, जिला अस्पताल में मौत

Amrit Vichar Network
Edited By Amrit Vichar
On

लखीमपुर-खीरी, अमृत विचार। साइकिल चोरी के आरोप में कोतवाली सदर में बंद एक अधेड़ की सोमवार देर शाम अचानक हालत बिगड़ गई। उसे पुलिस कर्मियों ने जिला अस्पताल में भर्ती कराया जहां उपचार के दौरान उसकी मौत हो गई। मौत की खबर मिलने के बाद मृतक के गांव से सैकड़ों लोग जिला अस्पताल पहुंच गए। …

लखीमपुर-खीरी, अमृत विचार। साइकिल चोरी के आरोप में कोतवाली सदर में बंद एक अधेड़ की सोमवार देर शाम अचानक हालत बिगड़ गई। उसे पुलिस कर्मियों ने जिला अस्पताल में भर्ती कराया जहां उपचार के दौरान उसकी मौत हो गई। मौत की खबर मिलने के बाद मृतक के गांव से सैकड़ों लोग जिला अस्पताल पहुंच गए। परिजन समेत ग्रामीणों ने पुलिस अभिरक्षा में हुई मौत का आरोप लगाकर अस्पताल में हंगामा करने लगे। सीओ सिटी के आश्वासन के बाद ग्रामीण माने। बाद में पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है।

फूलबेहड़ थाना क्षेत्र के श्रीनगर गांव के रहने वाले महबूब अंसारी पुत्र समीउल्लाह को साइकिल चोरी में सोमवार की देर शाम कोतवाली पुलिस पकड़ कर लाई। पुलिस के मुताबिक कुछ देर बाद महबूब की हालत बिगड़ गई। उसे उपचार के लिए जिला अस्पताल में भर्ती किया गया जहां उसकी मौत हो गई।

महबूब की मौत की खबर पाकर उसके गांव श्रीनगर से परिवार वाले व अन्य सैकड़ों लोग ट्रैक्टर ट्रॉली से अस्पताल आ गए और पुलिस के खिलाफ प्रदर्शन कर नारेबाजी करने लगे। ग्रामीणों के तेवर देख ड्यूटी पर मौजूद डॉक्टर भाग गए। किसी तरह सीओ सिटी अरविंद वर्मा ने गुस्साये लोगों को शांत कर शव को मोर्चरी में दाखिल करवा दिया। मंगलवार सुबह ही शव का पंचनामा कर पोस्टमार्टम के लिए भिजवा दिया गया। पोस्टमार्टम पर पुलिसकर्मी तैनात रहे।

महबूब अंसारी की दो बेटियां हैं जिनकी शादी हो चुकी है। वह अपनी पत्नी के साथ श्रीनगर में रहता था और किसी दुकान पर काम करता था। फिलहाल पुलिस ने शव का पोस्टमार्टम कराकर परिजनों के सुपुर्द कर दिया है। सीओ अरविंद वर्मा ने बताया कि परिजनों ने कोई तहरीर नहीं दी है। पोस्टमार्टम करवाकर शव परिजनों के सुपुर्द कर दिया गया है।

साइकिल चोरी के आरोप में कोतवाली पुलिस महबूब को पकड़ कर लाई थी। अचानक कोतवाली में उसकी तबियत बिगड़ गई। आनन फानन में पुलिस कर्मियों ने उसे अस्पताल में भर्ती कराया जहां उसकी मौत हो गई। पोस्टमार्टम रिपोर्ट में मौत का कारण हार्ट अटैक बताया गया है। -अरुण कुमार सिंह, अपर पुलिस अधीक्षक

यह भी पढ़ें-

बरेली: 12 गांवों की जमीनें अधिग्रहण की तैयारी पर किसानों ने कमिश्नरी घेरी

संबंधित समाचार