बरेली: ससुराल से घर लौटे युवक का कमरे में मिला शव
बरेली, अमृत विचार। ससुराल से घर लौटे एक युवक का शव उसके कमरे से बरामद हुआ। बताया जा रहा है कि उसने आत्महत्या की है। पोस्टमार्टम रिपोर्ट में जहर के सेवन से मौत की पुष्टि हुई है लेकिन शरीर पर चोट के निशान भी मिले हैं। परिजनों ने पत्नी के मायके वालों पर मारपीट का …
बरेली, अमृत विचार। ससुराल से घर लौटे एक युवक का शव उसके कमरे से बरामद हुआ। बताया जा रहा है कि उसने आत्महत्या की है। पोस्टमार्टम रिपोर्ट में जहर के सेवन से मौत की पुष्टि हुई है लेकिन शरीर पर चोट के निशान भी मिले हैं। परिजनों ने पत्नी के मायके वालों पर मारपीट का आरोप भी लगाया है लेकिन इस संबंध में कोई तहरीर नहीं दी है।
सुभाषनगर थाना क्षेत्र के अनुपम नगर निवासी विनय (28) पुत्र प्रदीप सिंह जंक्शन स्थित मिलिट्री इंजीनियरिंग फोर्स (एमईएस) में चौकीदार के पद पर कार्यरत था। विनय की मां रति अंजली ने बताया कि विनय सुबह 8 बजे ड्यूटी जाता था। बुधवार को जब वह काफी देर तक सोकर नहीं उठा तो वह विनय को उठाने उसके कमरे में पहुंची तब उसे बेटे की मौत की जानकारी हुई। बताया कि विनय के पिता भी एमईएस में चौकीदार थे। करीब 10 साल पहले उनका शव रेलवे ट्रैक पर पड़ा मिला था। जिसके बाद विनय को मृतक आश्रित में नौकरी मिल गई थी।

करीब 2 साल पहले उसकी शादी फरीदपुर के परा मोहल्ला निवासी नन्हे सिंह की बेटी प्रभा से हुई थी। 2 अगस्त को विनय की पत्नी झगड़ा करके अपने भाइयों के साथ मायके चली गई थी। आरोप है कि पत्नी के भाइयों ने बुलाने आने पर जान से मारने की धमकी दी थी। जिसके बाद से विनय मानसिक तनाव में था।
मंगलवार को वह पत्नी को बुलाने अपनी ससुराल गया था। देर रात वह घर लौटा था। मौत की सूचना पर पहुंची सुभाषनगर पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजा। पोस्टमार्टम में युवक के शरीर पर चोटों के निशान और हेड इंजरी होने की पुष्टि हुई है। हालांकि परिजनों की ओर से पुलिस को किसी तरह की कोई लिखित शिकायत नहीं दी गई है।
इकलौते भाई पर थी बहन की शादी की भी जिम्मेदारी
करीब चार साल पहले विनय के बड़े भाई अनूप का शव रेलवे ट्रैक पर पड़ा मिला था। जिसके बाद से विनय ही परिवार की जिम्मेदारी उठा रहा था। उनकी तीन बेटियां हैं, जिनमें से दो बेटी दीपिका व अनामिका की शादी हो चुकी है। छोटी बेटी रिंकी की शादी का जिम्मा भी विनय के कंधों पर ही था।
