लखीमपुर-खीरी: गन्ना किसानों ने सिर मुंडवाकर किया प्रदर्शन
लखीमपुर-खीरी, अमृत विचार। बकाया गन्ना मूल्य का भुगतान न होने पर किसानों का पारा चढ़ गया। उन्होंने बजाज चीनी मिल खंभारखेड़ा मिल गेट पर सामूहिक मुंडन कराकर विरोध-प्रदर्शन किया। सीओ, एसडीएम समेत भारी पुलिस बल मौके पर पहुंच गया और किसानों को समझाया। मिल प्रबंधन के शनिवार तक के आश्वासन पर फिलहाल जल सत्याग्रह टाल …
लखीमपुर-खीरी, अमृत विचार। बकाया गन्ना मूल्य का भुगतान न होने पर किसानों का पारा चढ़ गया। उन्होंने बजाज चीनी मिल खंभारखेड़ा मिल गेट पर सामूहिक मुंडन कराकर विरोध-प्रदर्शन किया। सीओ, एसडीएम समेत भारी पुलिस बल मौके पर पहुंच गया और किसानों को समझाया। मिल प्रबंधन के शनिवार तक के आश्वासन पर फिलहाल जल सत्याग्रह टाल दिया। हांलाकि इस बीच मिल मालिक का पुतला फूंकने जा रहे किसानों और पुलिस के बीच काफी गहमा-गहमी हुई। छीना-झपटी के बाद भी किसानों ने पुतला दहन कर दिया।
राष्ट्रीय किसान मजदूर संगठन के बैनर तले गन्ना किसानों ने मिल के सामने जोरदार प्रदर्शन किया। इस दौरान किसानों ने अपना मुंडन कराके मिल प्रबंधन को कोसा। किसानों का प्रदर्शन देखकर एसडीएम सदर अरुण कुमार सिंह, सीओ अरविंद कुमार भारी पुलिस बल लेकर पहुंच गए और किसानों को शांत करने का प्रयास किया। मिल के यूनिट हेड एनसी अग्रवाल, जीएम केन सुबोध गुप्ता समेत अन्य मिल अधिकारी और डीसीओ ब्रजेश पटेल ने किसानों से वार्ता की।
मिल प्रबंधन ने शेष भुगतान फरवरी माह में करने की बात कही जिस पर किसान उखड़ गए। किसानों ने अगस्त में ही सौ करोड़ और मिल चलने से पहले अवशेष भुगतान करने की मांग की। इस पर मिल प्रबन्ध ने हर माह 18 करोड़ रुपये आवंटित करने की बात कही। किसान राजी नही हुए और वार्ता का कोई हल नही निकला।
जिलाध्यक्ष पटेल श्रीकृष्ण वर्मा ने बताया कि किसानों का मिल पर 228 करोड़ रुपया बकाया है। इसमें मात्र 15 करोड़ रुपये अब तक भुगतान किया गया है। जिलाध्यक्ष ने बताया कि 28 को संगठन प्रमुख के आने पर ही अब आगे की रणनीति तय होगी। किसान नेता पुनः धरने पर बैठ गए। दिन भर गहमा गहमी का माहौल रहा।
जल सत्याग्रह की दी चेतावनी
गुस्साए किसानों ने मिल प्रशासन को चेतावनी दी है कि अगर उनका बकाया भुगतान वक्त पर नहीं किया गया तो वे लोग जल सत्याग्रह करेंगे। प्रदेश सरकार से भी उन लोगों ने मांग की है कि वह मिल मालिक से उनका बकाया भुगतान करवाए। ताकि उनका जीवन सुचारु ढंग से चल सके।
फूंका मिल मालिक का पुतला
चीनी मिल से गन्ने का भुगतान न मिलने के कारण गन्ना किसानों के लिए खर्च उठा पाना मुश्किल हो गया है। कई बार मांग करने पर भी उनके पैसे नहीं दिए गए। प्रदेश सरकार भी उनकी सुनवाई नहीं कर रही है। इसी से नाराज होकर उन्होनें मिल के सामने मिल मालिक का पुतला फूंका। साथ ही सामूहिक तौर पर मिल के गेट पर मुंडन करवाया है। हालांकि इस दौरान पुलिस फोर्स ने पुतले के दहन को लेकर किसानों से काफी झड़प भी की लेकिन किसानों ने पुलिस से दूर बाहर जाकर पुतला दहन कर दिया।
