तंजानिया में फंसा बरेली का युवक, वीडियो किया वायरल
बरेली, अमृत विचार। तंजानिया में काम करने गया कांधरपुर का युवक वहां फंस गया है। परिवार के लोगों ने पूर्व केंद्रीय मंत्री से लेकर भारत सरकार से बेटे की वतन वापसी की गुहार लगाई है। पीड़ित युवक ने तंजानिया से सोशल मीडिया पर एक वीडियो वायरल कर प्रधानमंत्री समेत अन्य नेताओं से मदद मांगी है। …
बरेली, अमृत विचार। तंजानिया में काम करने गया कांधरपुर का युवक वहां फंस गया है। परिवार के लोगों ने पूर्व केंद्रीय मंत्री से लेकर भारत सरकार से बेटे की वतन वापसी की गुहार लगाई है। पीड़ित युवक ने तंजानिया से सोशल मीडिया पर एक वीडियो वायरल कर प्रधानमंत्री समेत अन्य नेताओं से मदद मांगी है।
कैंट थाना क्षेत्र के कांधरपुर गांव निवासी शिशिर यादव के भाई राहुल यादव ने बताया कि उसके बड़े भाई 2013 में तंजानिया में एक कंपनी में काम करने के लिए गए थे। कंपनी में उन्हें ब्रांच मैनेजर के पद पर रखा गया। सात साल नौकरी करने के बाद उसके भाई का 2020 में वीजा का समय पूरा हो गया। जिसके बाद उन्होंने घर वापसी की तैयारी शुरू कर दी। बताया जा रहा है कि कंपनी में ब्रांच मैनेजर के पद पर आए दूसरे युवक को उन्होंने चार्ज भी सौंप दिया। वीजा वापस मांगने पर इंकार कर दिया।
राहुल ने बताया कि उनके भाई ने जब वीजा न देने का विरोध किया तो उन्हें पुलिस के हवाले कर दिया। जिसके बाद उन्हें 29 दिन तक अवैध हिरासत में रखा गया। उनके साथियों ने जब विरोध किया तो पुलिस ने उन्हें रिहा किया। अब पीड़ित युवक अपना वीजा वापस न मिलने से दूसरे देश में संकट के बीच जिंदगी काट रहा है। परिजनों के मुताबिक, भारत की करेंसी के हिसाब से वहां 87 लाख रुपये की मांग की जा रही है।
बेटे के न आने से पिता की हार्टअटैक से हो गई मौत
राहुल यादव ने बताया कि वह तीन भाई हैं। एक भाई गुड़गांव में नौकरी करता है। जबकि, दूसरा भाई तंजानिया में नौकरी करने के लिए गए थे। राहुल के अनुसार उनके पिता श्याम सिंह यादव को भाई की तंजानिया में फंसे होने की जानकारी हुई तो उन्हें 13 मई को हार्टअटैक पड़ गया। जिसके चलते उनकी मौत हो गई।
