लखनऊ: दामाद व नातियों ने की थी वृद्ध की गला दबाकर हत्या, जानें वजह

Amrit Vichar Network
Edited By Amrit Vichar
On

लखनऊ। राजधानी के चिनहट इलाके के जुग्गौर गांव में हुई बुजुर्ग गोपी कश्यप की हत्या को उसके दामाद व नातियों ने ही अंजाम दिया था। दामाद व नाती उसकी बेची हुई जमीन के रुपयों में बराबर का हिस्सा मांग रहे थे। जिसका वृद्ध विरोध कर रहे थे। लिहाजा सोते समय दामाद व नातियों ने उनका …

लखनऊ। राजधानी के चिनहट इलाके के जुग्गौर गांव में हुई बुजुर्ग गोपी कश्यप की हत्या को उसके दामाद व नातियों ने ही अंजाम दिया था। दामाद व नाती उसकी बेची हुई जमीन के रुपयों में बराबर का हिस्सा मांग रहे थे। जिसका वृद्ध विरोध कर रहे थे। लिहाजा सोते समय दामाद व नातियों ने उनका गला दबाकर उन्हें मौत के घाट उतार दिया। शनिवार सुबह घर के बरामदे में ही वृद्ध का शव बिस्तर पर पड़ा मिला था। पुलिस ने शव पोस्टमार्टम के लिए भेजा था। पुलिस कल से ही मृतक के परिजनों को हिरासत में लेकर पूछताछ कर रही थी। पोस्टमार्टम रिपोर्ट में गला दबाकर हत्या किए जाने की पुष्टि हुई  है। जिसके बाद पुलिस ने हत्या के आरोप में मृतक के एक दामाद के साथ ही तीन नातियों को गिरफ्तार किया है।

पुलिस का कहना है कि बीते सप्ताह मृतक ने करीब चार करोड़ रुपये की जमीन बेची थी। इस रकम के बंटवारे के लिए उनकी बेटियां व दामाद तथा नाती उनके ऊपर दबाव बना रहे थे। जिसका मृतक विरोध कर रहे थे। लिहाजा तीनों बेटियों के पुत्रों व दामादों ने उन्हें जान से मारने की साजिश रच दी। शुक्रवार देर रात वृद्ध खाना खाकर घर के बाहर बरामदे में सो रहे थे। इसी दौरान वहां पहुंचे सबसे छोटे दामाद व दो बेटियों के पुत्रों ने उनका हाथ-पैर पकड़कर उनका गला दबाकर उन्हें मौत की नींद सुला दिया। वृद्ध की हत्या के मामले में पुलिस ने दामाद दिलीप कुमार के साथ ही मृतक के तीन नातियों जय सिंह, शिव सिंह व मनीष कुमार को गिरफ्तार किया है। मृतक के सिर्फ तीन पुत्रियां थी। उनकी पुत्रियों, दामाद व नाती द्वारा लगातार उनके ऊपर जमीन व जमीन बेचकर मिले रुपयों के बटवारे के लिए रोजाना झगड़ा होता था। यही विवाद ही वृद्ध की मौत का कारण भी बना।

कान से खून बहता देख पुलिस को हुआ शक

वृद्ध की मौत की सूचना के बाद पुलिस ने मौके पर पहुंचकर जांच पड़ताल की। इस दौरान पुलिस को मृतक के कान से खून बहने के साथ ही शरीर पर भी चोटों के निशान मिले। जिसके बाद पुलिस ने हत्या की आशंका के चलते मृतक के परिजनों को हिरासत में लेकर कड़ाई से पूछताछ की। पुलिस पूछताछ के दौरान दामाद व नातियों ने अपना जुर्म स्वीकार कर लिया।

संबंधित समाचार