बरेली: स्कूल मालिक के बेटे का स्मैकिये ने किया अपहरण
बरेली/आंवला, अमृत विचार। आंवला के पुरैना ढाल स्थित घर के सामने खेल रहे निजी स्कूल मालिक के बेटे को एक स्मैकिया अगवा कर ले गया। बच्चे को ले जाते समय चीता मोबाइल पुलिस कर्मियों ने शक होने पर सेटेलाइट बस अड्डे पर स्मैकिये को गिरफ्तार कर लिया और बच्चों के परिजनों को सूचित कर दिया। …
बरेली/आंवला, अमृत विचार। आंवला के पुरैना ढाल स्थित घर के सामने खेल रहे निजी स्कूल मालिक के बेटे को एक स्मैकिया अगवा कर ले गया। बच्चे को ले जाते समय चीता मोबाइल पुलिस कर्मियों ने शक होने पर सेटेलाइट बस अड्डे पर स्मैकिये को गिरफ्तार कर लिया और बच्चों के परिजनों को सूचित कर दिया। बारादरी थाने में बच्चे को देख परिजनों की आंखें नम हो गईं।
सोमवार सुबह करीब 8 बजे आंवला क्षेत्र के पुरैना ढाल इलाके के पट्टी वाली गली निवासी एवं ममता पब्लिक स्कूल के मालिक नितिन कुमार का बेटा रेयांश (4) अचानक घर के सामने से गायब हो गया। काफी देर तक बच्चा न मिलने पर परिजनों में खलबली मच गई। परिजनों ने बच्चे के गुम होने की बात पुलिस का बताई, जिसके बाद पुलिस ने उसकी तलाश शुरू कर दी।
इसी बीच सेटेलाइट बस स्टेड पर दोपहर में सिपाहियों ने संदिग्ध लगने पर एक स्मैकिये के साथ जा रहे बच्चे को रोक लिया। इसके बाद जब पूछताछ की गई तो बच्चे ने अपने गांव और पिता का नाम बता दिया। इसके बाद स्मैकिया वहां से भागने लगा। पुलिस ने उसे दौड़ाकर पकड़ लिया और उसके खिलाफ रिपोर्ट दर्ज कर उसे गिरफ्तार कर लिया। इसके बाद पुलिस ने आंवला पुलिस से संपर्क कर बच्चे के परिजनों को इसकी सूचना दी। जिसके बाद उसका परिवार बारादरी आया और बच्चे को देखकर उनकी आंखे नम हो गई।
घर से ऑटो रिक्शा फिर बस से बरेली पहुंचा तस्कर
बारादरी इंस्पेक्टर नीरज मलिक ने बताया कि सोमवार की दोपहर करीब 12 बजे सेटेलाइट पर चीता मोबाइल पर तैनात हेड कांस्टेबल शमशाद व सत्येंद्र सिंह की ड्यूटी थी। उसी समय एक व्यक्ति बच्चे को जबरन खींचकर रोडवेज बस में चढ़ा रहा था। बच्चे के रोने की आवाज पर दोनों पुलिस कर्मी मौके पर पहुंचे और बच्चे को छुड़ाकर स्मैकिये को हिरासत में लिया। स्मैकिये से पूछताछ में उसने बताया कि उसका नाम बंटी पुत्र चंद्रपाल है और वह इफको क्षेत्र के सेंधा गांव का रहने वाला है।
चार घंटे बाद परिजनों के चहरे पर लौटी मुस्कान
रेयांश के पिता सनी ने बताया कि दो दिन पहले उनकी पत्नी ने बटे को जन्म दिया था। जिसकी खुशी में सोमवार की सुबह कुछ बैंड-बाजे वाले बधाई मांगने के लिए पहुंचे हुए थे। बैंड वालों के पास में ही घर के बाहर रेयांश डांस कर रहा था। वहीं से वह अचानक गायब हो गया। वहीं बारादरी थाने में अपने दादा जी की गोदी में बैठकर रेयांश ने बताया कि तस्कर ने उसे चीज का लालच दिया था और रास्ते में लड्डू भी खिलाया था। बताया कि जिस तरह से वह अपने दादा जी के साथ बस से बरेली जाता है वैसे ही वह तस्कर भी उसे लेकर गया था। करीब चार घंटे के बाद बच्चे के मिलने पर परिजनों के चहरे खिलखिला उठे।
बच्चे का अपहरण करने वाले युवक के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज कर ली गई है, मंगलवार को उसे जेल भेज दिया जाएगा – मनोज कुमार सिंह, इंस्पेक्टर, आंवला
