मुरादाबाद: कर्ज में डूबे युवक ने फांसी लगाकर की खुदकुशी, कोहराम

Amrit Vichar Network
Edited By Amrit Vichar
On

मुरादाबाद, अमृत विचार। कर्ज में डूबे युवक ने फांसी लगाकर अपनी जान दे दी। उसका शव पशुशाला में रस्सी से झूलता मिला। युवक के आत्मघाती कदम से परिवार में कोहराम मच गया। परिजनों ने तत्काल पुलिस को मामले की सूचना दी। इसके बाद शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। मृतक की पत्नी व बच्चों …

मुरादाबाद, अमृत विचार। कर्ज में डूबे युवक ने फांसी लगाकर अपनी जान दे दी। उसका शव पशुशाला में रस्सी से झूलता मिला। युवक के आत्मघाती कदम से परिवार में कोहराम मच गया। परिजनों ने तत्काल पुलिस को मामले की सूचना दी। इसके बाद शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। मृतक की पत्नी व बच्चों का रो-रोकर बुरा हाल है।
घटना पाकबड़ा थानाक्षेत्र के गांव मोहम्मदपुर ध्यान सिंह की है।

यहां रहने वाला 39 वर्षीय सुलेंद्र सिंह उर्फ सुरेंद्र हरथला स्थित एक फैक्ट्री में चालक की नौकरी करता था। उसके माता-पिता की मौत हो चुकी है। बड़ा भाई हरपाल अपने परिवार के साथ गांव में रहता है। जबकि सुरेंद्र ने गांव के पास ही स्थित खेत में मकान बना लिया था। करीब दस साल से वह अपनी पत्नी इंद्रेश और दो बच्चों के साथ वहीं रहता था।

बुधवार की रात उसने पशुशाला में जाकर रस्सी का फंदा बनाकर फांसी लगा ली। तड़के करीब चार बजे पत्नी को वह बिस्तर पर नहीं मिले तो उसने पूरे घर में तलाश शुरू कर दी। पशुओं के कमरे में पति का शव रस्सी से झूलता देख उसकी चीख निकल गई। शोर सुनकर परिजन व ग्रामीण मौके पर पहुंचे और शव को नीचे उतारा। इसके बाद पुलिस को सूचना दी गई।

पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। पुलिस के अनुसार सुरेंद्र ने किसान क्रेडिट कार्ड से तीन लाख रुपये का लोन लिया था। माना जा रहा है कि उसने इसी ऋण के चलते खुदकुशी की है। हालांकि परिजन इससे इंकार कर रहे हैं। इंस्पेक्टर पाकबड़ा योगेंद्र कृष्ण यादव ने बताया कि युवक पर तीन लाख रुपये का कर्ज था। पुलिस ने पोस्टमार्टम के बाद शव परिजनों को सौंप दिया। इंस्पेक्टर ने बताया कि मामले की जांच की जा रही है।

संबंधित समाचार