बरेली बना सिंगल स्टेज डिलीवरी सिस्टम लागू करने वाला प्रदेश का पहला मंडल
बरेली, अमृत विचार। गुरुवार को कोटेदारों तक राशन पहुंचाने के लिए सिंगल स्टेज व्यवस्था की शुरुआत की गई। जिसके साथ इस व्यवस्था को लागू करने वाला बरेली प्रदेश का पहला मंडल बन गया। सिंगल स्टेज के तहत अब एफसीआई गोदामों से खाद्यान्न कोटेदारों की दुकानों तक पहुंचेगा। इससे पहले खाद्यान्न एफसीआई गोदाम से ब्लाक गोदामों …
बरेली, अमृत विचार। गुरुवार को कोटेदारों तक राशन पहुंचाने के लिए सिंगल स्टेज व्यवस्था की शुरुआत की गई। जिसके साथ इस व्यवस्था को लागू करने वाला बरेली प्रदेश का पहला मंडल बन गया। सिंगल स्टेज के तहत अब एफसीआई गोदामों से खाद्यान्न कोटेदारों की दुकानों तक पहुंचेगा। इससे पहले खाद्यान्न एफसीआई गोदाम से ब्लाक गोदामों तक जाता था और फिर यहां से सस्ता गल्ला विक्रेता अपनी दुकानों तक वाहनों के जरिए ले जाते थे। माना जा रहा है कि अब ब्लाक गोदामों के खत्म होने से बिचौलियों का वर्चस्व भी समाप्त हो जाएगा।
बता दें कि राष्ट्रीय खाद्य सुरक्षा अधिनियम के तहत प्रदेश में चिन्हित लाभार्थियों को उचित दरों पर पारदर्शी तरीकों से खाद्यान्न दो स्तरीय परिवहन हैण्डलिंग नीति से चिन्हित लाभार्थियों तक पहुंचाया जाता था। इस व्यवस्था के तहत खाद्यान्न का उठान भारतीय खाद्य निगम गोदाम से ब्लाक गोदाम तक और फिर ब्लाक गोदाम से कोटेदारों की दुकान तक उपलब्ध कराया जाता था।
पुरानी व्यवस्था के तहत अधिकारियों को ब्लाक गोदामों से खाद्यान्न कम तौलकर प्राप्त होने समेत डायवर्जन और कालाबाजारी की शिकायतें मिलती रहती थीं। जिसको देखते हुए मार्च में शासन की तरफ से एक आदेश जारी करते हुए दो स्तरीय हैण्डलिंग परिवहन नीति में बदलाव कर सिंगल स्टेज डोर स्टेप डिलीवरी व्यवस्था लागू करने के लिए कहा गया। अब ब्लाक में नियुक्त सिंगल स्टेज डोर स्टेप डिलीवरी हैण्डलिंग और परिवहन ठेकेदारों द्वारा अनुबंध एवं जमानत की वांछित औपचारिकताएं पूरी होने के बाद काम शुरू कर दिया जाएगा।
ठेकेदारों को इस खाद्यान ले जाने वाले वाहनों पर जीपीएस लगवाना अनिवार्य होगा और वाहन पर “राज्य सार्वजनिक वितरण प्रणाली का खाद्यान्न” बड़े शब्दों में लिखवाना होगा। गुरुवार को आरएफसी सभागार में जिलापूर्ति अधिकारी नीरज सिंह, आरएफसी जोगिंदर सिंह और आरएमओ राममूर्ति वर्मा की मौजूदगी में ठेकेदारों को टेंडर के प्रमाण पत्र दिए गए।
इस मौके पर जिलापूर्ति अधिकारी नीरज सिंह ने कहा कि यह एक ऐतिहासिक पल है कि बरेली मंडल प्रदेश का पहला ऐसा मंडल बना जहां सिंगल डोर स्टेप डीलीवरी को लागू किया जाएगा। वहीं संभागीय खाद्य नियंत्रक बरेली संभाग जोगिंदर सिंह ने कहा कि पुरानी व्यवस्था में काफी खामियां और गड़बड़ी थी लेकिन अब बीच की कड़ी को हटा दिया गया है। नई व्यवस्था से शुरुआत में थोड़ी दिक्कत आ सकती है, लेकिन समय-समय पर इसकी समीक्षा की जाती रहेगी।
कोटेदारों ने अधिकारियों को किया सम्मानित
आरएफसी सभागार में भारी संख्या में कोटेदार भी मौजूद रहे जिन्होंने जिलापूर्ति अधिकारी, आरएफसी और आरएमओ को सम्मानित किया। कोटेदार यूनियन के जिलाध्यक्ष हरि सिंह गंगवार ने कहा कि पहले गोदामों पर उनके साथ लूट होती थी, मगर आज खुशी का क्षण है। इसके अलावा प्रदेश उपाध्यक्ष अंशुल अग्रवाल, नरेश सागर महानगर अध्यक्ष, बृजेश प्रताप सिंह उपाध्यक्ष, जेपी कटिहार सचिव, आर के शुक्ला कोषाध्यक्ष, कुमारी ज्योति, जय कुमार बौद्ध, परवेज कुमार आदि कोटेदार मौजूद रहे।
