बदायूं: सालों ने सिर कूचकर की बहनोई की हत्या
सहसवान, अमृत विचार। थाना सहसवान क्षेत्र में मोटर मैकेनिक को उसके सालों ने फोन करके पार्टी करने की बात कहकर बुलाया और ईंट से सिर कूचकर हत्या कर दी। हत्या के बाद आरोपी फरार हो गए। शुक्रवार सुबह आरोपियों ने मृतक के पुत्र को खुद ही फोन करके हत्या की जानकारी दी। पुलिस मौके पर …
सहसवान, अमृत विचार। थाना सहसवान क्षेत्र में मोटर मैकेनिक को उसके सालों ने फोन करके पार्टी करने की बात कहकर बुलाया और ईंट से सिर कूचकर हत्या कर दी। हत्या के बाद आरोपी फरार हो गए। शुक्रवार सुबह आरोपियों ने मृतक के पुत्र को खुद ही फोन करके हत्या की जानकारी दी। पुलिस मौके पर पहुंची और जांच शुरू कर दी। मृतक के पुत्र ने दो सगे भाईयों के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज कराई है।
इस्लामनगर थाना क्षेत्र के मोहल्ला जमनी निवासी दूल्हे मियां (48) पुत्र मुन्ने शाह की शादी तकरीबन 20 वर्ष पहले सहसवान के मोहल्ला नवादा में नाजरा बेगम के साथ हुई थी। वह 10 वर्षों से सहसवान के मोहल्ला जहांगीराबाद में बनी कांशीराम कॉलोनी में रह रहे थे और अकबराबाद चौराहे पर मोटर मैकेनिक का काम करते थे।

शुक्रवार को दूल्हे मियां का शव संदिग्ध परिस्थिति में मोहल्ला नवादा में उनके साले हनीफ पुत्र मुहम्मद सगीर के निर्माणाधीन मकान में मिला। मृतक दूल्हे मियां के बेटे सोहिल ने बताया कि गुरुवार को शाम छह बजे उसके मामा हनीफ, रफीक पुत्र मोहम्मद समीर ने दूल्हे मियां को फोन किया था और कहा था कि घर आ जाओ पार्टी करेंगे। इसके बाद दूल्हे मियां अपने साले हनीफ के घर चले गए। शुक्रवार को सुबह आठ बजे हनीफ ने सोहिल को फोन किया और कहा कि उसके पिता दूल्हे मियां की हत्या करके वह दिल्ली चलाया गया है अपने पिता का शव ले जाओ।
सोहिल ने पुलिस व परिजनों को जानकारी दी। उनके साथ वह भी मौके पर पहुंच गया। दूल्हे मियां का शव घर के बरामदे में चारपाई पर पड़ा था। सिर पर चोट के निशान थे, चेहरा लहूलुहान था। घटनास्थल पर ही खून से सनी ईंट पड़ी थी। दूल्हे मियां के परिजनों ने ईंट से कुचकर उसकी हत्या करने का आरोप लगाया।
सोहिल ने अपने मामा हनीफ, रफीक के खिलाफ तहरीर दी है। मृतक के साले हनीफ व रफीक पर हत्या की रिपोर्ट दर्ज की गई है। सीओ प्रेम कुमार थापा ने घटनास्थल का निरीक्षण किया। कोतवाल पंकज लवानिया ने बताया कि रिपोर्ट दर्ज कर आरोपियों की तलाश शुरू कर दी गई है। जल्द ही आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया जाएगा।
