लखनऊ: लविवि के हॉस्टलों में परोसा जा रहा घटिया भोजन, छात्रों ने किया हंगामा
लखनऊ। लखनऊ विश्वविद्यालय के हॉस्टल में घटिया भोजन परोसे जाने के मामला एक फिर सामने आया है। इस बात से नाराज छात्रों ने विश्वविद्यालय के जानकीपुरम स्थित नवीन कैम्पस में जमकर हंगामा किया। छात्रों ने विश्वविद्यालय के दोनों गेटों पर ताला डाल दिया जिससे कर्मचारी भी घबरा गये। प्रदर्शन कर रहे छात्रों का आरोप था …
लखनऊ। लखनऊ विश्वविद्यालय के हॉस्टल में घटिया भोजन परोसे जाने के मामला एक फिर सामने आया है। इस बात से नाराज छात्रों ने विश्वविद्यालय के जानकीपुरम स्थित नवीन कैम्पस में जमकर हंगामा किया। छात्रों ने विश्वविद्यालय के दोनों गेटों पर ताला डाल दिया जिससे कर्मचारी भी घबरा गये। प्रदर्शन कर रहे छात्रों का आरोप था कि मेस में ठीक से खाना नहीं मिल रहा है। इसका कारण यह है कि मेस के ठेकेदार को कई महीनों से कोई भुगतान नहीं किया गया है। आलम यह है कि पूरी फीस जमा करने के बाद भी बीते एक माह से छात्र खुद ही चंदा जुटाकर मेस में खाने की व्यवस्था कर रहे हैं और इसमें भी गुणवत्ता नाम की कोई चीज नहीं होती।
हॉस्टलों में रहने वाले लॉ व इंजीनियरिंग के छात्र खाना खाने के लिए मेस में पहुंचे। वहां केवल एक सब्जी और रोटी बनी हुई थी, वह भी बेहद खराब थी। खाना देखकर छात्र उग्र हो गए और कैम्पस के मुख्य गेट पर एकत्र होकर नारेबाजी करने लगे। छात्रों ने गेट पर ताला लगा दिया ताकि कोई बाहर न जा सके। मामला बढ़ता देख डीन लॉ फैकल्टी प्रो. सीपी सिंह यहां पहुंचे तो उनके सामने भी छात्रों ने जमकर नारेबाजी की। मौके पर प्रोवोस्ट और हॉस्टल वॉर्डन मो. अहमद भी मौजूद थे लेकिन छात्र किसी की सुनने को तैयार नहीं थे।
छात्रों ने की बातचीत की पहल नहीं बनी बात
छात्रों ने कहा वह पहले शांतिपूर्ण तरीके से धरना देकर अपनी बात लविवि प्रशासन तक पहुंचाना चाहते थे। मगर इसी बीच डीन लॉ प्रो. सीपी सिंह का पुत्र, जो कि खुद भी यहां एलएलबी फाइव ईयर का छात्र है, वहां गाड़ी लेकर आया और गेट खोलने की जिद करने लगा। छात्रों ने गेट खोलने से मना किया तो उसने गाली-गलौज शुरू कर दी। जिसके बाद छात्र भड़क गए। काफी कहासुनी और खुद डीन के हस्तक्षेप के बाद उनके पुत्र को वहां से हटाया गया लेकिन छात्र उसे निलम्बित करने की मांग करते रहे।
विश्वविद्यालय के अधिकारियों ने की छात्रों से बात
विश्वविद्यालय के प्रॉक्टर डॉ. दिनेश कुमार और चीफ प्रोवोस्ट प्रो. नलिनी पांडेय ने मौके पर पहुंचकर छात्रों से वार्ता की। उन्होंने छात्रों से कहा कि जो भी परेशानी है उसको वह लिखित रूप से दें सख्त कार्रवाई की जायेगी। वहीं प्रदर्शन शुरू होने के करीब चार घंटे बाद शाम छह बजे के आसपास पुलिस भी कैम्पस में पहुंची। छात्रों ने अपना मांगपत्र लिखकर पुलिस को भी दिया है।
छात्रों की प्रमुख समस्याएं
- खाना समय से और गुणवत्ता के साथ नहीं मिलता।
- कैम्पस की साफ-सफाई नहीं होती। ब
- मेस में कुर्सियां नहीं हैं।
- बाथरूमों का कोई मेन्टिनेंस नहीं है।
- कोई मेडिकल की सुविधा नहीं
कुलपति ने कहा- समस्याओं का होगा समाधान
मामले में लविवि कुलपति प्रो. आलोक कुमार राय का कहना है कि न्यू कैम्पस में प्रदर्शन कर रहे छात्रों की समस्याओं का पता चला है। इनमें से साफ-सफाई तो सतत प्रक्रिया है, जो समय-समय पर कराई जाती है। पानी की समस्या इसलिए हुई क्योंकि वहां पर टंकी की सफाई की जा रही थी। यह एक-दो दिन में ठीक हो जाएगी।
