बरेली: ग्रीन चिली रेस्टोरेंट बिल्डिंग के मैनेजर से मारपीट के बाद अपहरण का प्रयास

Amrit Vichar Network
Edited By Amrit Vichar
On

बरेली, अमृत विचार। डीडीपुरम स्थित एक रेस्टोरेंट के मैनेजर से कुछ अज्ञात लोगों ने मारपीट कर अपहरण कर लिया। हालांकि रास्ते में खड़ी पीआरवी को देख वह मैनेजर को रास्ते में ही गाड़ी से उतारकर फरार हो गए। वहीं देर रात हुए हंगामे के बाद भी प्रेमनगर पुलिस घटना से इंकार करती रही। जिसके बाद …

बरेली, अमृत विचार। डीडीपुरम स्थित एक रेस्टोरेंट के मैनेजर से कुछ अज्ञात लोगों ने मारपीट कर अपहरण कर लिया। हालांकि रास्ते में खड़ी पीआरवी को देख वह मैनेजर को रास्ते में ही गाड़ी से उतारकर फरार हो गए। वहीं देर रात हुए हंगामे के बाद भी प्रेमनगर पुलिस घटना से इंकार करती रही। जिसके बाद उत्तर प्रदेश उद्योग व्यापार मंडल के पदाधिकारियों के साथ पीड़ित कर्मचारी ने प्रेमनगर पुलिस को तहरीर दी है।

डीडीपुरम में व्यापारी रविंद्र अग्रवाल की ईमारत में ग्रीन चिली रेस्टोरेंट संचालित है। दो साल पहले व्यापारी ने यह ईमारत व रेस्टोरेंट एग्रीमेंट करने के बाद नरेंद्र सिंह वोरा को किराए पर दी थी। आरोप है कि नरेंद्र सिंह ने यह रेस्टोरेंट फर्जी एग्रीमेंट के जरिए एक दूसरे समुदाय के व्यक्ति को किराए पर दे दी जिसकी जानकारी रविंद्र अग्रवाल को नहीं दी गई थी। यह विवाद अभी चल ही रहा था कि मामले से जुड़ा एक और नया विवाद सामने आ गया।

असल में तीसरी पार्टी को ईमारत किराए पर देने के बाद भी बिल्डिंग का बिजली का बिल जमा नहीं किया गया था। जिसके चलते मालिक ने किराएदार से रेस्टोरेंट का बिल जमा करने की शर्त रखी गई। बिल जमा न करने पर किराएदार ने रेस्टोरेंट की चाबी मालिक को वापस कर दी। शनिवार की रात व्यापारी का मैनेजर रितेश कुमार रेस्टोरेंट की साफ-सफाई करवा रहा था। इसी दौरान करीब 20-25 लोग रेस्टोरेंट पहुंचे और मैनेजर के साथ मारपीट करते हुए उसे मुर्गा बनाकर उसकी वीडियो शूट करने लगे।

आरोप है कि मारपीट और वीडियो बनाने के बाद कुछ आरोपियों ने मैनेजर को तमंचे के बल पर बैगनार गाड़ी में बिठाया और उसका अपहरण करके ले जाने लगे। रास्ते में खड़ी पीआरवी को देख आरोपियों ने मैनेजर को राजेंद्र गुप्ता चौराहे पर ही फेंक दिया और फरार हो गए। जिसके बाद किसी तरह मैनेजर ने रविंद्र अग्रवाल को फोन करके घटना की सूचना दी।

प्रेमनगर पुलिस पर आरोप है कि देर रात डीडीपुरम में हुए काफी देर के हंगामे के बाद भी प्रेमनगर इंस्पेक्टर घटना से इंकार कर रहे हैं। हालांकि पीड़ित मैनेजर ने रविवार की सुबह उत्तर प्रदेश उद्योग व्यापार मंडल के अध्यक्ष शोभित सक्सेना व अन्य पदाधिकारियों के साथ थाने पहुंचकर मामले की तहरीर देते हुए आरोपियों के खिलाफ कार्रवाई की मांग की है।

संबंधित समाचार