राकांपा नेता अनिल देशमुख के खिलाफ ईडी ने धनशोधन मामले में लुकआउट नोटिस किया जारी

Amrit Vichar Network
Edited By Amrit Vichar
On

पुणे। प्रवर्तन निदेशालय ने धनशोधन मामले में राष्ट्रवादी कांग्रेस पार्टी (राकांपा) नेता एवं महाराष्ट्र के पूर्व गृह मंत्री अनिल देशमुख के खिलाफ लुकआउट नोटिस जारी किया है। सूत्राें ने सोमवार को यह जानकारी दी। प्रवर्तन निदेशालय के एक शीर्ष अधिकारी ने बताया कि देशमुख को देश से भागने से रोकने के लिए लुकआउट नोटिस जारी …

पुणे। प्रवर्तन निदेशालय ने धनशोधन मामले में राष्ट्रवादी कांग्रेस पार्टी (राकांपा) नेता एवं महाराष्ट्र के पूर्व गृह मंत्री अनिल देशमुख के खिलाफ लुकआउट नोटिस जारी किया है। सूत्राें ने सोमवार को यह जानकारी दी। प्रवर्तन निदेशालय के एक शीर्ष अधिकारी ने बताया कि देशमुख को देश से भागने से रोकने के लिए लुकआउट नोटिस जारी किया गया है।

ईडी अधिकारी ने कहा कि एजेंसी ने अनिल देशमुख को कई समन भेजे जिन्हें उन्होंने नजरअंदाज किया है। यह घटनाक्रम तब सामने आया है जब उच्चतम न्यायालय ने पिछले महीने इस मामले में देशमुख को अनिवार्य कार्रवाई से अंतरिम राहत देने से इनकार कर दिया था।

पूर्व गृह मंत्री ने इससे पहले 02 सितंबर को बॉम्बे हाईकोर्ट का रुख कर एजेंसी के समन को रद्द करने की मांग की थी, हालांकि याचिका पर तुरंत सुनवाई नहीं की गयी थी। ईडी अभी तक देशमुख को इस मामले में पांच समन जारी कर चुकी है। अनिल देखमुख ने हालांकि सभी समन को नजरअंदाज किया और एजेंसी के समक्ष पेश नहीं हुए। उन्होंने कहा था कि वह इस मामले में कानून के तहत उचित राहत प्रदान करने की मांग कर रहे हैं।

ईडी ने केंद्रीय जांच ब्यूरो (सीबीआई) द्वारा देशमुख के खिलाफ दायर भ्रष्टाचार के मामले के आधार पर उनके और अन्य के खिलाफ धन शोधन का मामला दर्ज किया। देशमुख पर गृह मंत्री रहते हुए अपने पद का दुरुपयोग करने का आरोप है। उन पर बर्खास्त पुलिस अधिकारी सचिन वाजे के मार्फत मुंबई के विभिन्न बार और रेस्तरां से 4.70 करोड़ रुपये की उगाही करने का भी आरोप है।

धनशोधन के मामले में श्री देशमुख के परिवार द्वारा नियंत्रित एक शैक्षिक ट्रस्ट, नागपुर स्थित श्री साईं शिक्षण संस्थान को गलत तरीके से पैसे भेजे गये। पूर्व मुंबई पुलिस आयुक्त परमबीर सिंह ने देशमुख पर भ्रष्टाचार के आरोप लगाये। इसके बाद सीबीआई ने बॉम्बे हाईकोर्ट के 05 अप्रैल के फैसले के आधारपर 21 अप्रैल को श्री देशमुख के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज की। अनिल देशमुख ने हालांकि अपने ऊपर लगे इन आरोपों का खंडन किया है। जांच रिपोर्ट लीक होने को लेकर सीबीआई ने उनके दामाद से पहले पूछताछ की थी।

इसे भी पढ़ें…

Coal Scam Case: ईडी के समक्ष पेश हुए तृणमूल कांग्रेस के सांसद अभिषेक बनर्जी

संबंधित समाचार