बरेली: कलेक्ट्रेट व तहसीलों के 45 बाबुओं की कुर्सी हिली, मची खलबली

Amrit Vichar Network
Edited By Amrit Vichar
On

बरेली, अमृत विचार। कलेक्ट्रेट और तहसीलों में महत्वपूर्ण पटलों पर वर्षों से जमे रहने वाले बाबुओं की मंगलवार को कुर्सी हिली तो खलबली मच गयी। राजस्व परिषद के चेयरमैन मुकेश सिंहल के सख्त निर्देश पर जिलाधिकारी के आदेश पर अपर जिलाधिकारी प्रशासन वीके सिंह ने 45 से अधिक बाबुओं के पटल परिवर्तन कर दिये। जिलाधिकारी …

बरेली, अमृत विचार। कलेक्ट्रेट और तहसीलों में महत्वपूर्ण पटलों पर वर्षों से जमे रहने वाले बाबुओं की मंगलवार को कुर्सी हिली तो खलबली मच गयी। राजस्व परिषद के चेयरमैन मुकेश सिंहल के सख्त निर्देश पर जिलाधिकारी के आदेश पर अपर जिलाधिकारी प्रशासन वीके सिंह ने 45 से अधिक बाबुओं के पटल परिवर्तन कर दिये।

जिलाधिकारी कार्यालय से इसकी रिपोर्ट चेयरमैन को भी भेजी गयी है। हालांकि कलेक्ट्रेट में कई प्रथम ग्रेड के पटल पर द्वितीय ग्रेड और द्वितीय ग्रेड के पटल पर प्रथम ग्रेड के बाबू को तैनात कर दिया। बाबू पटल परिवर्तन का विरोध तो नहीं कर सकते मगर अंदरखाने उनमें पटलों के परिवर्तन को लेकर आक्रोश देखने को मिला है। कलेक्ट्रेट के बाबुओं के बीच दिनभर पटलों के बदलाव को लेकर चर्चा रही।

कलेक्ट्रेट में वरिष्ठ सहायक से प्रधान सहायक एवं कनिष्ठ सहासक से वरिष्ठ सहायक के पद पर पदोन्न्ति के बाद जिलाधिकारी के निर्देश पर कलेक्ट्रेट अधिष्ठान लिपिकीय संवर्ग में पदोन्नत/नवीन पद पर तैनाती की गयी। इसमें राजीव सक्सेना को पेशकार एडीएम प्रशासन से हटाकर जेआरके भेजा और एडीएम सिटी के पेशकार से संबद्ध, राजेश वर्मा को तहसील आंवला से फरीदपुर तहसील, महेंद्र सिंह बिष्ट आशुलिपिक एडीएम वित्त एवं राजस्व बने रहेंगे। संग्रह सहायक/दैवीय आपदा सहायक पटल काम भी देखेंगे।

अंकित पटेल को पेशकार एएसडीएम और आईजीआरएस भी देखेंगे। तान्या टंकक को संग्रह सहायक, हरपाल सिंह को तहसील मीरगंज से राजस्व लिपिक फरीदपुर, सचिन को टंकक राजस्व सहायक को एईआरके, वीरेंद्र कुमार फौजदारी अहलमद न्यायालय एसडीएम नवाबगंज से राजस्व अहलमद के कार्य देखेंगे। नीतू गंगवार को नायब नाजिर द्वितीय तहसील सदर, संबद्ध परगना अरेंजर नवाबगंज से हटाकर परगना अरेंजर बहेड़ी, गीता सक्सेना को वरिष्ठ प्रतिलिपिक से वीडर, साधना को एआरआरके से पेशकार न्यायालय अपर नगर मजिस्ट्रेट प्रथम, मंजूलता सक्सेना को वीडर से वरिष्ठ प्रतिलिपिक, सुमित सिंह मेहरा को प्रतिलिपि से एआरकेएल, पूनम शर्मा को अरेंजर आंवला से अरेंजर मीरगंज, नरगिस बी अरेंजर मीरगंज से अरेंजर आंवला के पटल की जिम्मेदारी दी है।

नवाबगंज में कार्यरत दान सिंह अब राजस्व लिपिक और सुशीला देवी नायब नाजिर का कार्य देखेंगी। फरीदपुर तहसील में तैनात कंचनलता को राजस्व अहलमद न्यायालय एसडीएम, राममूर्ति लाल को पेशकार से नायब नाजिर, राजीव कुमार को नायब नाजिर से हटाकर पेशकार न्यायालय, कृति अग्निहोत्री को टंकक की जिम्मेदारी दी है। मीरगंज में महिमन सिंह और महेंद्र कुमार के पटल बदले हैं। बहेड़ी में कार्यरत महेंद्र पाल सिंह को एमजे तहसीलदार से हटाकर पेशकर न्यायालय, माया को नायब नाजिर बनाया है।

एसडीएम सदर के स्टेनो का रुतबा भी चला गया
पटल परिवर्तन में उप जिलाधिकारी सदर विशु राजा के आशुलिपिक (स्टेनो) संजीव कश्यप का रुतबा भी चला गया। संजीव लंबे समय से अधिकारियों की नजरों में चढ़ गए थे। वह जिस कमरे में बैठ रहे थे वहां पहले एयरकंडीशनर लगा। इसके बाद कोविड से बचाव करने के लिए विशेष व्यवस्था की गयी। यह व्यवस्था सिर्फ एसडीएम सदर के केबिन में ही देखने को मिली थी। हालांकि वह इस पटल पर लंबे समय से जमे हुए थे।

तहसील सदर में कई महत्वपूर्ण पटलों पर हुए बदलाव से दिनभर बाबुओं में खलबली मची रही। सुबह से शुरू हुई चर्चा के बीच बाबू सूची देखने के लिए बेचैन थे। अपर जिलाधिकारी प्रशासन वीके सिंह के कार्यालय से सूची जारी कर दी गयी। तहसील सदर में एक पटल पर लंबे समय से कार्यरत सोना मिश्रा को राजस्व अहलमद, न्यायालय एसडीएम सदर से हटाकर नकल नवीस तहसील सदर, अनमोल रस्तोगी को राजस्व लिपिक तहसील सदर से हटाकर नायब नाजिर (प्रथम) तहसील, राकेश को संग्रह सहायक/दैवीय आपदा सहायक से हटाकर राजस्व अहलमद, न्यायालय एसडीएम सदर और संजीव कश्यप को नायब नाजिर (प्रथम) तहसील से हटाकर राजस्व लिपिक तहसील सदर पटल पर भेजा गया है।

सालों के बाद भी सिर्फ सीटें ही आगे पीछे हुईं
नगर मजिस्ट्रेट कार्यालय में नारायण सिंह सालों से पेशकार न्यायालय नगर मजिस्ट्रेट और रमेश चंद्र पांडे राजस्व, वीआईपी लिपिक न्यायालय नगर मजिस्ट्रेट का कार्य देख रहे थे। यूं कह सकते हैं कि दोनों वरिष्ठ कर्मचारी हैं और इसी कार्यालय में एक दशक से भी अधिक समय से तैनात हैं। इनको यहां से दूसरे कार्यालय में भेजे जाने की चर्चाएं कुछ दिनों से तैर रही थीं लेकिन उच्चाधिकारियों ने सिर्फ सीटें ही बदलीं। रमेश चंद्र पांडे पेशकार न्यायालय नगर मजिस्ट्रेट और नारायण सिंह राजस्व, वीआईपी लिपिक नगर मजिस्ट्रेट की जिम्मेदारी संभालेंगे।

कलेक्ट्रेट के कमरा नंबर सात की कई सीटें उधर-उधर हुईं
नरेंद्र कुमार कोली मुख्य प्रतिलिपिक फौजदारी के कार्यों के साथ आबकारी सहायक का कार्य भी देखेंगे। सुनील कुमार माहेश्वरी को अपर नगर पालिका सहायक से हटाकर टाउन एरिया लिपिक बनाया और सुनील पेशकार एडीएम प्रशासन का कार्य भी देखेंगे। नरेंद्र पाल सिंह लोधी से टाउन एरिया लिपिक हटाकर अपर नगर पालिका सहायक का कार्य दिया है। न्याय सहायक चतुर्थ का कार्य अतिरिक्त देखेंगे। सीमा अग्रवाल को संग्रह सहायक राजस्व अभिलेखागार से हटाकर एसीआरए भेजा है। रूपा शर्मा को पेशकार एसीएम प्रथम से हटाकर एआरआरके राजस्व अभिलेखागार भेजा है।

मृतक आश्रित से कनिष्ठ सहायक बने कार्मिकों को मिली तैनाती
मृतक आश्रित के रूप में कनिष्ठ सहायक पद पर नियुक्त कार्मिकों को भी नवीन तैनाती दी गयी है। रज्जी बाबू को तहसील नवाबगंज, रेहान हुसैन को मीरगंज, शकील खान को नवाबगंज, हृदयांश प्रकाश को फरीदपुर और कौशल राज चौधरी को प्रतिलिपिक राजस्व अभिलेखागार के पटल के कार्य की जिम्मेदारी दी गयी है।

संबंधित समाचार