ओलंपिक में खिलाड़ियों के प्रदर्शन से युवा खिलाड़ियों को लेनी चाहिए प्रेरणा: मुख्य सचिव राजेन्द्र तिवारी
लखनऊ। राजधानी के.डी. सिंह बाबू स्टेडियम में 44वीं जूनियर नेशनल हैंडबॉल बालिका चैम्पियनशिप का बुधवार को प्रदेश के मुख्य सचिव राजेन्द्र कुमार तिवारी ने उद्घाटन किया। कार्यक्रम को सम्बोधित करते हुए उन्होंने कहा कि ओलंपिक में खिलाड़ियों के प्रदर्शन से युवा खिलाड़ियों को प्रेरणा लेनी चाहिए। साथ ही मुख्य सचिव ने कहा कि ग्रीष्मकालीन ओलंपिक …
लखनऊ। राजधानी के.डी. सिंह बाबू स्टेडियम में 44वीं जूनियर नेशनल हैंडबॉल बालिका चैम्पियनशिप का बुधवार को प्रदेश के मुख्य सचिव राजेन्द्र कुमार तिवारी ने उद्घाटन किया। कार्यक्रम को सम्बोधित करते हुए उन्होंने कहा कि ओलंपिक में खिलाड़ियों के प्रदर्शन से युवा खिलाड़ियों को प्रेरणा लेनी चाहिए।
साथ ही मुख्य सचिव ने कहा कि ग्रीष्मकालीन ओलंपिक और पैरा ओलंपिक में हमारे देश के खिलाड़ियों ने ऐतिहासिक प्रदर्शन किया। किसी समय यह धारणा थी कि ‘‘खेलोगे कूदोगे तो होगे खराब’’ लेकिन आज के समय में यह धारणा पूरी तरह से परिवर्तित हो चुकी है और शिक्षा सहित विभिन्न गतिविधियों की तरह खेलों को भी बड़ा सम्मान प्राप्त हो रहा है। इन्हीं कारणों से युवा पीढ़ी विभिन्न खेलों की ओर आकर्षित हो रही है।
इसके अलावा उन्होंने कहा कि मुझे अत्यन्त खुशी है कि यूपी हैण्डबॉल संघ की ओर से 8 से 12 सितंबर तक 44वीं जूनियर नेशनल हैण्डबॉल बालिका चैम्पियनशिप का आयोजन किया जा रहा है। इस चैम्पियनशिप में देश के 26 राज्यों से लगभग 600 महिला खिलाड़ी और 100 आफीशियल्स भाग ले रहे हैं और इनमें से कई खिलाड़ी आने वाले समय में भारतीय टीम का प्रतिनिधित्व कर प्रदेश व देश का नाम रोशन करेंगे।
पढ़ें: लखनऊ के मुख्य मार्गों की रफ्तार हुई धीमी, बाधा बने 25 हजार ई-रिक्शा
उद्घाटन के बाद खेल शुरू होने से पहले यूपी और उत्तराखंड के हैण्डबॉल खिलाड़ियों से परिचय प्राप्त कर अपनी शुभकामनाएं दीं।
बता दें कि 44वीं जूनियर नेशनल हैण्डबॉल बालिका चैम्पियनशिप का प्रथम मैच उत्तर प्रदेश और उत्तराखंड के बीच खेला गया। जिसमें उत्तर प्रदेश ने उत्तराखंड को 23-1गोल से मात दी।
विभिन्न खेलों को बढ़ावा देने के लिए जहां तीन स्पोर्ट्स कॉलेज लखनऊ, गोरखपुर, इटावा में संचालित किए जा रहे हैं। वहीं, 19 जनपदों में 44 छात्रावास संचालित किए जा रहे हैं। जिसमें विभिन्न खेलों में खिलाड़ियों को गहन प्रशिक्षण, भोजन, शिक्षा, चिकित्सा, आवास, किट आदि निःशुल्क प्रदान किया जाता है।
हैण्डबॉल खेल में अयोध्या जनपद में 20 बालिकाओं का एवं जनपद अमेठी में 15 बालकों का आवासीय छात्रावास संचालित किया जा रहा है। राष्ट्रीय प्रतियोगिताओं में भाग लेने से पहले खिलाड़ियों को विशेष प्रशिक्षण शिविर किट भी प्रदान किया जा रहा है। प्रदेश सरकार की ओर से युवाओं की खेलों में अधिक भागीदारी करने के उद्देश्य से जिला मुख्यालयों पर स्टेडियम निर्मित कराया जा रहा है। इस अवसर पर कल्पना अवस्थी प्रमुख सचिव खेल, डॉ सुधीर एम बोबड़े और देश व प्रदेश के हैंडबॉल एसोसिएशन के सम्मानित पदाधिकारीगण उपस्थित रहे।
