मुरादाबाद: लापता युवक की तलाश में पुलिस ने हापुड़ में डाला डेरा, तीन साथी हिरासत में

Amrit Vichar Network
Edited By Amrit Vichar
On

मुरादाबाद, अमृत विचार। एक माह से लापता मंगूपुरा के राजमिस्त्री संदीप उर्फ रामू का कोई सुराग नहीं लग सका है। पुलिस उसके तीन साथियों को हिरासत में लेकर पूछताछ कर रही है। मगर बुधवार को भी कोई उल्लेखनीय सफलता नहीं मिल सकी। लापता युवक की तलाश में पुलिस की टीम गढ़मुक्तेश्वर के अलावा हापुड़ में …

मुरादाबाद, अमृत विचार। एक माह से लापता मंगूपुरा के राजमिस्त्री संदीप उर्फ रामू का कोई सुराग नहीं लग सका है। पुलिस उसके तीन साथियों को हिरासत में लेकर पूछताछ कर रही है। मगर बुधवार को भी कोई उल्लेखनीय सफलता नहीं मिल सकी। लापता युवक की तलाश में पुलिस की टीम गढ़मुक्तेश्वर के अलावा हापुड़ में भी डेरा जमाए हुए है। इसके साथ ही एसओजी भी युवक की तलाश कर रही है। उधर गंगा में भी युवक की खोजबीन जारी है।

मझोला थानाक्षेत्र के मंगूपुरा गांव निवासी राजमिस्त्री संदीप उर्फ रामू आठ अगस्त की सुबह घर से निकला था। उसकी मां आलोका देवी के अनुसार उसके पास किसी का फोन आया था। इसके बाद करीब 11 बजे वह बैंक कालोनी में रहने वाले ठेकेदार के घर जाने की बात कहकर घर से निकल गया था। तभी से उसका मोबाइल भी बंद है। तलाश करने के बाद भी जब संदीप का कोई सुराग नहीं मिला तो उन्होंने पुलिस को सूचना दी।

पुलिस ने सीसीटीवी खंगाले तो अमरोहा के जोया टोल प्लाजा के फुटेज में वह अपने तीन साथियों के साथ बाइक पर गजरौला की ओर जाता दिखाई दिया। पुलिस ने उसके तीनों साथियों को हिरासत में लेकर पूछताछ की। तब उन्होंने बताया कि वह गंगा स्नान के लिए ब्रजघाट गए थे। एक साथी बाइक के पास बैठा था जबकि संदीप अपने दो साथियों के साथ गंगा में नहाने चला गया था।

आधा घंटे बाद भी वह नदी से बाहर नहीं आया तो साथी उसके कपड़े और मोबाइल लेकर आ गए। इतना ही नहीं उन्होंने अपने तीसरे साथी को संदीप के गंगा में डूबने की जानकारी दी। साथ ही उसे मुंह खोलने पर जान से मारने की धमकी भी दी थी। इसका पता लगते ही पुलिस ने तीनों को हिरासत में ले लिया था।

एससपी सिटी अमित कुमार आनंद ने बताया कि तीनों से लगातार पूछताछ की जा रही है। मगर अभी तक स्थिति स्पष्ट नहीं हो सकी है। यह भी साफ नहीं हो सका है कि संदीप खुद डूबा या फिर उसे डूबोकर मौत के घाट उतारा गया। घटना के खुलासे के लिए पुलिस के साथ ही एसओजी को भी लगाया गया है। साथ ही ब्रजघाट के आसपास गंगा नदी में संदीप की तलाश भी कराई जा रही है। उन्होंने बताया कि जल्द ही घटना का खुलासा कर दिया जाएगा।

संबंधित समाचार