540 करोड़ से होगा बरेली का विकास, प्रभारी मंत्री लगाएंगे मुहर
बरेली, अमृत विचार। जिला योजना समिति की बैठक के लिए तैयारियां शुरू हो गई हैं। जिले के 47 विभागों के प्रस्ताव प्राप्त होने पर शुक्रवार को 2021-22 की जिला योजना को बैठक में अंतिम रूप दिया जाएगा। जिले के प्रभारी व प्रदेश सरकार में ऊर्जा मंत्री श्रीकांत शर्मा विकास भवन सभागार में दो घंटे विकास …
बरेली, अमृत विचार। जिला योजना समिति की बैठक के लिए तैयारियां शुरू हो गई हैं। जिले के 47 विभागों के प्रस्ताव प्राप्त होने पर शुक्रवार को 2021-22 की जिला योजना को बैठक में अंतिम रूप दिया जाएगा। जिले के प्रभारी व प्रदेश सरकार में ऊर्जा मंत्री श्रीकांत शर्मा विकास भवन सभागार में दो घंटे विकास कार्यों की समीक्षा करेंगे। कार्यक्रम जारी होते ही तमाम संबंधित विभाग तैयारियों में जुटे हुए हैं।
जिला योजना समिति की बैठक शुक्रवार को होनी है। इसके लिए जिले के सभी विभागों से विकास संबंधी प्रस्ताव मांगे गए थे। इसमें 47 विभागों ने प्रस्ताव दे दिए हैं। इसमें माननीयों के अपने-अपने क्षेत्र में विकास संबंधी कार्य भी शामिल हैं। इसके अलावा स्वच्छता, कृषि एवं सिंचाई, रोजगार सृजन, खेल, लाभार्थी परक पेंशन, सड़क निर्माण, शिक्षा, स्वास्थ्य आदि के प्रस्ताव शामिल हैं।
जिले के लिए 2021-22 के लिए 540 करोड़ 57 लाख की जिला योजना तैयार की गई है। बीते वित्तीय वर्ष में भी इतनी धनराशि के आसपास ही परिव्यय के लिए पास हुई थी लेकिन कोरोना संक्रमण के चलते जिला योजना की बैठक ऑनलाइन हुई थी लेकिन इस बार बैठक ऑफलाइन ही होगी। शासन द्वारा जारी कार्यक्रम के अनुसार प्रभारी 10 सितंबर की रात सर्किट हाउस पहुंचेंगे। रात्रि विश्राम के बाद अगले दिन सुबह 11 बजे भाजपा के जनप्रतिनिधियों से मुलाकात करेंगे। फिर दोपहर दो बजे विकास भवन सभागार में जिला योजना समिति की बैठक लेंगे।
यह बैठक तकरीबन दो घंटे तक चलेगी। डीएसटीओ एसपी वर्मा ने बताया कि 41 विभागों की ओर से परिव्यय प्रस्ताव तैयार हो चुके हैं। इस बार की जिला योजना 540 करोड़ 57 लाख रुपये की तैयार की गई है। जिला योजना की बैठक में इसे शुक्रवार को अंतिम रूप दिया जाएगा। उधर, जिला योजना समिति की बैठक का कार्यक्रम जारी होते ही सीडीओ के निर्देश पर सभी संबंधित विभागों के अधिकारी तैयारियों में जुटे गए हैं।
