बरेली: प्रवेश को लेकर हंगामा, प्राचार्य से नोकझोंक

Amrit Vichar Network
Edited By Amrit Vichar
On

बरेली, अमृत विचार। बरेली कॉलेज में स्नातक प्रथम वर्ष के प्रवेश अंतिम चरण में हैं। कॉलेज ने गुरुवार रात पांचवी मेरिट जारी की लेकिन उससे पहले दिन में प्रवेश को लेकर जमकर हंगामा किया। समाजवादी छात्र सभा (सछास) ने आरक्षण कोटे में गड़बड़ी का आरोप लगाते हुए प्राचार्य डा. अनुराग मोहन का घेराव किया। काफी …

बरेली, अमृत विचार। बरेली कॉलेज में स्नातक प्रथम वर्ष के प्रवेश अंतिम चरण में हैं। कॉलेज ने गुरुवार रात पांचवी मेरिट जारी की लेकिन उससे पहले दिन में प्रवेश को लेकर जमकर हंगामा किया। समाजवादी छात्र सभा (सछास) ने आरक्षण कोटे में गड़बड़ी का आरोप लगाते हुए प्राचार्य डा. अनुराग मोहन का घेराव किया।

काफी देर तक हंगामा चला तो प्राचार्य ने लिखित में दे दिया कि प्रवेश में कोई गड़बड़ी नहीं हुई है। उसके बाद छात्रों ने सेमिनार हाल बंद होने को लेकर विरोध कर दिया। यहां पर भी शिक्षकों से जमकर नोकझोंक हुई। छात्र प्राचार्य से भी उलझ गए। किसी तरह चीफ प्रॉक्टर वंदना शर्मा व अन्य शिक्षकों ने मामले को शांत किया।

सछास का आरोप है कि ईडब्ल्यूएस कोटे में प्रवेश को लेकर गड़बड़ी की गई है। ओबीसी और एससी कोटे के कई छात्रों को प्रमाण पत्र देने का मौका नहीं दिया गया। जिसकी वजह से वह मेरिट में शामिल नहीं हो सके। इसको लेकर कुछ दिनों पहले सछास ने विरोध किया था और प्राचार्य से जांच कराने की मांग की थी।

इसके बाद प्राचार्य ने पांच सदस्यी टीम गठित कर जांच करायी। इस समिति में तीन ओबीसी, दो एससी व एक सामान्य वर्ग के शिक्षक को रखा गया। इस समिति ने भी प्रवेश में किसी तरह की गड़बड़ी से इनकार किया। गुरुवार को भी सछास के कार्यकर्ता प्राचार्य का घेराव करने पहुंच गए। इस पर प्राचार्य ने समिति की रिपोर्ट के आधार पर गड़बड़ी न होने की बात लिखकर दे दी। उसके बाद सेमिनार हाल बंद होने पर विरोध किया।

छात्रों का कहना था कि दूर दराज से छात्र-छात्राएं प्रवेश के लिए आए थे लेकिन सेमिनार हाल को बंद कर दिया। इस पर नोकझोंक हो गई। शिक्षकों का कहना था कि छात्रों को 12 बजे तक का समय दिया गया था। उसके बाद सेमिनार कक्ष को बंद किया गया, क्योंकि पांचवी मेरिट जारी करनी थी। प्रदर्शन करने वालों में सछास जिला अध्यक्ष मुकेश यादव, फरहान अली, करन सिंह, नीरज कुमार, मधुनेश यादव, मनजीत सिंह, केशव शंखधार, अवनेश यादव, गौरव प्रजापति, उमेश यादव, मुनेंद्र यादव, जिगेन्द्र गौतम, निखिल आदि छात्र-छात्राएं मौजूद रहे।

प्रवेश में किसी भी प्रकार की कोई गड़बड़ी नहीं हुई है। छात्रों की शिकायत पर पांच सदस्यी समिति से जांच करायी गई। -डा. अनुराग मोहन, प्राचार्य बरेली कॉलेज

संबंधित समाचार