बरेली: हिस्ट्रीशीटर का शांतिभंग में चालान, दो को तमंचे में भेजा जेल
बरेली, अमृत विचार। लूट और रंगदारी का मामला सामने आने के बाद पुलिस ने लुटेरों की हिस्ट्रीशीट खोल दी। गुरुवार की रात पुलिस ने तीन लोगों को गिरफ्तार कर लिया। इसकी सूचना लगने पर भाजपा विधायक राजेश कुमार मिश्रा उर्फ पप्पू भरतौल इज्जतनगर थाने पहुंचे। उन्होंने हिस्ट्रीशीटरों को छोड़ने को लेकर पैरवी की। इस दौरान …
बरेली, अमृत विचार। लूट और रंगदारी का मामला सामने आने के बाद पुलिस ने लुटेरों की हिस्ट्रीशीट खोल दी। गुरुवार की रात पुलिस ने तीन लोगों को गिरफ्तार कर लिया। इसकी सूचना लगने पर भाजपा विधायक राजेश कुमार मिश्रा उर्फ पप्पू भरतौल इज्जतनगर थाने पहुंचे। उन्होंने हिस्ट्रीशीटरों को छोड़ने को लेकर पैरवी की। इस दौरान थाने में हंगामा काटा। विधायक व भाजपा से जुड़े संगठनों के कार्यकर्ताओं के विरोध पर पुलिस बैकफुट पर आ गई। हिस्ट्रीशीटर का शांतिभंग में चालान कर दिया, जबकि दो को तमंचे में जेल भेजा है।
इज्ज्तनगर पुलिस ने बताया कि बुधवार की रात करीब साढ़े 12 बजे सौ फुटा रोड पर दो युवक शराब पीकर गाली-गलौच कर रहे थे। इस पर पुलिस दोनों को पकड़कर थाने ले आई। पूछताछ में एक ने अपना नाम रोहित ठाकुर निवासी संजयनगर और दूसरे ने राहुल उर्फ प्रियांशु निवासी पीडब्ल्यूडी कालोनी राजेंद्रनगर बताया। दोनों के बारे में अगले दिन गुरुवार को जानकारी की गई तो पता चला कि दोनों के ऊपर लूट, चोरी, रंगदारी जैसे मामले बारादरी व प्रेननगर थाने में दर्ज हैं।
पूछताछ में दोनों ने परतापुर जीवन सहाय के रहने वाले अख्तर रजा व अफरोज का नाम कबूलते हुए लूट की वारदात की बात बताई। सभी आरोपियों को जेल भेजने के लिए फर्द तैयार हो रही थी। इसी बीच गुरुवार की देर रात भाजपा विधायक राजेश कुमार मिश्रा उर्फ पप्पू भरतौल हिस्ट्रीशीटर की पैरवी करने इज्ज्तनगर थाने पहुंच गए।
उनके साथ में भाजपा से जुड़े संगठन के पदाधिकारी और कार्यकर्ता भी वहां पहुंचे। इसके बाद सभी लोग पकड़े गए हिस्ट्रीशीटरों को छोड़ने का दबाव पुलिस पर बनाने लगे। एक घंटे तक थाने में हंगामा चलता रहा। इसके बाद पुलिस बैकफुट पर आ गई और एक हिस्ट्रीशीटर का शांतिभंग में चालान कर दिया। पुलिस ने पूछताछ के लिए लाए अख्तर व अफरोज के खिलाफ आर्म्स एक्ट में रिपोर्ट दर्ज कर उन्हें जेल भेज दिया।
देर शाम वायरल हुआ आरोपियों का वीडियो
जेल जाने की सूचना पर देर शाम एक वीडियो वायरल हुआ। जिसमें इज्जतनगर पुलिस अफरोज के घर पर दस्तक देती दिख रही है। इसके बाद अफरोज पुलिस के साथ जाता भी दिख रहा है।
पुलिस ने दो लोगों को तमंचे में जेल भेजा है। वहीं एक आरोपी के खिलाफ कोई साक्ष्य नहीं मिला था इसलिए उसका शांति भंग में चालान किया गया है। -रोहित सिंह सजवाण, एसएसपी
