बरेली: फिलीपींस की मारिया व गौरव की शादी को मिली मान्यता
बरेली, अमृत विचार। फिलीपींस की मारिया और आजाद नगर कॉलोनी (कटरा चांद खां) के गौरव की शादी को सरकारी मान्यता मिल गयी। फिलीपींस के दूतावास से रिपोर्ट मिलने के बाद एसडीएम सदर विशु राजा ने स्पेशल मैरिज एक्ट के तहत मारिया-गौरव की शादी का प्रमाणपत्र जारी करा दिया। बताते हैं कि मारिया अब फिलीपींस की …
बरेली, अमृत विचार। फिलीपींस की मारिया और आजाद नगर कॉलोनी (कटरा चांद खां) के गौरव की शादी को सरकारी मान्यता मिल गयी। फिलीपींस के दूतावास से रिपोर्ट मिलने के बाद एसडीएम सदर विशु राजा ने स्पेशल मैरिज एक्ट के तहत मारिया-गौरव की शादी का प्रमाणपत्र जारी करा दिया।
बताते हैं कि मारिया अब फिलीपींस की राजधानी मनीला स्थित अपने घर नहीं लौटना चाहती है। 16 सितंबर को मारिया का वीजा खत्म हो रहा है। भारत में ही रहने के लिए वीजा का आवेदन किया तो शादी पंजीयन का प्रमाणपत्र मांगा गया। तब से मारिया-गौरव सदर तहसील के चक्कर काट रहे थे। 4 सितंबर को सदर तहसील में आयोजित संपूर्ण समाधान दिवस में दोनों ने जिलाधिकारी नितीश कुमार से मिलकर पंजीयन कराने की गुहार लगायी थी। बताते हैं कि फिलीपींस की मारिया से आजादनगर के गौरव की पहली मुलाकात 2017 में हुई थी।
पेशे से अकाउंटेंट गौरव को फिलीपींस में कंपनी ने भेजा था। वहीं मरिया से मुलाकात हुई। मारिया भी उसी कंपनी में अकाउंटेंट थी। भारत और फिलीपींस में मुलाकातें होने का दौर शादी करने तक पहुंच गया। 24 नवंबर 2019 को मारिया-गौरव ने शादी की थी। इसके बाद 16 अगस्त को दोनों ने एसडीएम सदर विशु राजा के कार्यालय में पंजीयन के लिए आवेदन किया था।
एसडीएम सदर ने डीजीसी के पास राय लेने के लिए पत्राचार किया। उन्हें बिना नागरिकता के स्पेशल मैरिज एक्ट में पंजीयन करने पर संशय था। इसके बाद एसडीएम सदर ने दिल्ली स्थित फिलीपींस के दूतावास से 12 बिंदुओं पर जानकारी लेने के लिए पत्र लिखा है। वहां से जवाब आने के बाद मारिया और गौरव की शादी का प्रमाणपत्र जारी कर दिया गया।
