बरेली: कानपुर की धागा कंपनी से भी नाइजीरियन रॉबर्ट ने उड़ाए थे करोड़ों

Amrit Vichar Network
Edited By Amrit Vichar
On

बरेली, अमृत विचार। कानपुर स्थित एक धागा कंपनी का बैंक खाता हैक कर करोड़ों रुपये गायब होने का खुलासा कानपुर पुलिस ने किया है। पुलिस की जांच में नाइजीरियन ठग रॉबर्ट का नाम सामने आया है। कंपनी के खाते से उड़ाई रकम को अन्य खातों में भेजने के कुछ ही घंटों बाद बरेली पुलिस ने …

बरेली, अमृत विचार। कानपुर स्थित एक धागा कंपनी का बैंक खाता हैक कर करोड़ों रुपये गायब होने का खुलासा कानपुर पुलिस ने किया है। पुलिस की जांच में नाइजीरियन ठग रॉबर्ट का नाम सामने आया है। कंपनी के खाते से उड़ाई रकम को अन्य खातों में भेजने के कुछ ही घंटों बाद बरेली पुलिस ने एक नाइजीरियन को साइबर ठगी के मामले में गिरफ्तार किया था। बरेली और कानपुर पुलिस इस मामले में एक साथ काम कर रही हैं।

कानपुर स्थित एक पॉलिस्टर धागा बनाने वाली कंपनी गणेशा इकोटेक प्राइवेट लिमिटेड का खाता सिविल लाइंस स्थित एचडीएफसी बैंक की शाखा में संचालित है। कंपनी के महाप्रबंधक कमल कुमार ने बताया कि जालसाजों ने कंपनी का ई-मेल हैक करके कंपनी के लैटरपैड के साथ बैंक को एक मेल भेजा था। जिसके आधार पर बैंक ने अलग-अलग कई खातों में करीब 2 करोड़ 45 लाख 67 हजार 442 रुपये ट्रांसफर कर दिए थे।

कंपनी के खाते से इतनी बड़ी रकम बिना किसी जानकारी के गायब होने पर कंपनी कर्मचारी व पदाधिकारी परेशान हो गए और खाते का स्टेटमेंट निकलवाया। जिसके बाद उनके साथ हुई साइबर ठगी होने की बात सामने आई थी। कंपनी के महाप्रबंधक ने स्वरूपनगर थाने में 26 अगस्त को रिपोर्ट दर्ज करवाई थी। वहीं एक तरफ कानपुर में साइबर ठगी के जरिए कंपनी के खाते से करोड़ों की रकम गायब होने की रिपोर्ट दर्ज हो रही थी।

वहीं दूसरी तरफ 26 अगस्त को ही बरेली जिले की फरीदपुर पुलिस ने साइबर ठगी के मामले में नाइजीरियन रॉबर्ट ओटूजेमे को गिरफ्तार कर न्यायालय के आदेश पर जेल भेजा था। पुलिस की जांच-पड़ताल में सामने आया कि कानपुर की गणेशा इकोटेक कंपनी के साथ हुई करोड़ों की ठगी में भी रॉबर्ट व उसके गिरोह का ही हाथ है। पुलिस के मुताबिक ठगों को इस बात की पूरी जानकारी थी कि बैंक मनमोहन गुप्ता के ई-मेल व लैटर पैड के आधार पर ही रकम को खातों में ट्रांसफर करेगी। साथ ही नाइजीरियन ठगों के साथ कंपनी के ही किसी कर्मचारी की मिलीभगत की अटकलें भी लगाई जा रही हैं।

संबंधित समाचार