दरोगा जी बनने आए थे इंस्पेक्टर, चले गए जेल, जानें पूरा मामला…
सीतापुर। पुलिस ट्रेनिंग सेंटर में इंस्पेक्टर का प्रशिक्षण ले रहे एक दारोगा को वाराणसी की पुलिस बुधवार को गिरफ्तार कर ले गई है। आरोपी दरोगा पर महिला आरक्षी से दुष्कर्म के आरोप की खबरें मिल रही है। घटना के बाद से सीतापुर पीटीसी में हड़कंप मचा हुआ है। बड़े अधिकारी इस मामले पर बोलने से …
सीतापुर। पुलिस ट्रेनिंग सेंटर में इंस्पेक्टर का प्रशिक्षण ले रहे एक दारोगा को वाराणसी की पुलिस बुधवार को गिरफ्तार कर ले गई है। आरोपी दरोगा पर महिला आरक्षी से दुष्कर्म के आरोप की खबरें मिल रही है। घटना के बाद से सीतापुर पीटीसी में हड़कंप मचा हुआ है। बड़े अधिकारी इस मामले पर बोलने से कतरा रहे हैं। सूत्रों का दावा है कि वाराणसी पुलिस आरोपी दारोगा को ले गई है। कुछ अधिकारियों ने इंस्पेक्टर के लिए प्रशिक्षण कर रहे दारोगा की गिरफ्तारी की पुष्टि की है।
पुलिस सूत्रों के मुताबिक चंदौली जिले का मूल निवासी उमराव खान वाराणसी में सब इंस्पेक्टर पद पर तैनात था। वह प्रमोशन मिलने के बाद इंस्पेक्टर की ट्रेनिंग करने के लिए इस दौरान सीतापुर पीटीसी में आया हुआ था। यहां उसे 15 दिन का प्रशिक्षण लेना था। उसके ट्रेनिंग पर आए हुए चार या पांच दिन हुए थे। इसी बीच वारणसी की पुलिस टीम ने उच्चाधिकारियों के आदेश से पीटीसी में दबिश डाल दी और यहां प्रशिक्षण कर रहे दारोगा उमराव खान को गिरफ्तार कर लिया।
सूत्र बताते हैं कि उमराव खान को वाराणसी के भेलूपुर थाने के एक चर्चित मामले में वहीं की पुलिस ने गिरफ्तार किया है। गिरफ्तार करने के बाद आरोपी दारेागा को वाराणसी ले जाया गया। नाम न छापने की शर्त पर पीटीसी के एक कर्मचारी ने बताया कि आरोपी दारोगा उमराव खान पर एक महिला आरक्षी के साथ दुष्कर्म करने का आरोप था। उसने बताया कि यह घटना कुछ दिन पुरानी है। पहले दारोगा ने इस मामले को मैनेज कर लिया था, लेकिन जब वह सीतापुर 15 दिन की ट्रेनिंग पर आया। इसी बीच पीड़िता ने उच्चाधिकारियों को मामले से अवगत कराने के बाद आरोपी के खिलाफ केस दर्ज करा दिया।
केस दर्ज होने के बाद उसी मामले को लेकर वाराणसी की पुलिस सीतापुर पीटीसी आ धमकी और आरोपी दारोगा को गिरफ्तार कर साथ ले गई है। इस बारे में पीटीसी के आला अधिकारी कुछ भी बताने से कतराते रहे। यहां तैनात सीओ शिवनारायन यादव ने बताया कि सब इंस्पेक्टर उमराव खान यहां इंस्पेक्टर की ट्रेनिंग के लिए आया था। उसे वाराणसी की पुलिस पकड़ कर ले गई है। इससे ज्यादा कुछ नहीं बता सकते हैं।
आरोपी दारोगा की गिरफ्तारी को लेकर पीटीसी के एसपी शफीक अहमद का कहना है कि ट्रेनिंग पर आए एक दारोगा को वाराणसी दुष्कर्म के मामले में पकड़ कर ले गई है।
