मुरादाबाद: जहर के सेवन से युवक की मौत, परिजनों ने किया हंगामा

Amrit Vichar Network
Edited By Amrit Vichar
On

मुरादाबाद, अमृत विचार। मूंढापांडे थानाक्षेत्र में युवक की जहर के सेवन से मौत हो गई। मृतक के भाई ने पत्नी के दोस्त समेत दो लोगों पर जहर देकर हत्या करने का आरोप लगाते हुए थाने में तहरीर दी है। पुलिस ने शव का पोस्टमार्टम कराने के बाद परिजनों को सौंप दिया। परिजनों ने आरोपियों की …

मुरादाबाद, अमृत विचार। मूंढापांडे थानाक्षेत्र में युवक की जहर के सेवन से मौत हो गई। मृतक के भाई ने पत्नी के दोस्त समेत दो लोगों पर जहर देकर हत्या करने का आरोप लगाते हुए थाने में तहरीर दी है। पुलिस ने शव का पोस्टमार्टम कराने के बाद परिजनों को सौंप दिया। परिजनों ने आरोपियों की गिरफ्तारी की मांग को लेकर थाने के गेट पर हंगामा किया।

मामला मूंढापांडे थानाक्षेत्र के गांव मानपुर पट्टी का है। यहां रहने वाला 32 वर्षीय धर्मेंद्र उर्फ धर्मेश एक फैक्ट्री में कारपेंटर था। उसका विवाह 15 साल पूर्व बरेली जनपद के मीरगंज थानाक्षेत्र के कपूरगंज निवासी युवती के साथ हुआ था। दोनों के दो बेटे व एक बेटी है। मंगलवार को करीब चार बजे वह गांव से डेढ़ किलोमीटर दूर बांध के किनारे खेत में पड़ा मिला। उसके मुंह से झाग निकल रहे थे।

उधर से गुजर रहे उसके मामा महावीर की नजर उस पर पड़ी। उन्होंने शोर मचाया तो पास के ही खेत में काम कर रहा धर्मेंद्र का छोटा भाई महेश और मां भगवानदेई मौके पर पहुंच गए। इसके बाद उसे बाइक पर डालकर रामपुर के जिला अस्पताल ले गए। डाक्टरों ने हालत गंभीर बताते हुए मुरादाबाद जिला अस्पताल रेफर कर दिया। जहां देर शाम करीब साढ़े सात बजे उसने दम तोड़ दिया।

मृतक के छोटे भाई महेश ने बताया कि मंगलवार की दोपहर गांव के दो युवक धर्मेंद्र को घर से बुलाकर ले गए थे। इसके बाद उन्होंने जहर पिलाकर उसकी हत्या कर दी। महेश के अनुसार गांव में ही रहने वाले एक युवक के धर्मेंद्र की पत्नी के साथ अवैध संबंध थे। दोनों कई बार आपत्तिजनक हालत में पकड़े भी गए थे। हर बार युवक माफी मांग लेता था।

बच्चों के भविष्य का हवाला देकर भाभी को भी काफी समझाया गया मगर वह अपनी हरकतों से बाज नहीं आई। इसी के चलते वह करीब एक महीने पूर्व दोनों बेटों को लेकर मायके चली गई। तब से वह मायके में ही थी। महेश ने बताया कि इसी रंजिश के चलते दोनों भाइयों ने उसके भाई की जहर देकर हत्या कर दी। मंगलवार को पुलिस ने शव का पोस्टमार्टम कराने के बाद परिजनों को सौंप दिया। पोस्टमार्टम रिपोर्ट में भी धर्मेंद्र की मौत कारण स्पष्ट नहीं हो सका। इसलिए बिसरा प्रिजर्व कर लिया गया है।

मृतक के भाई ने गांव के ही दो लोगों पर जहर देकर हत्या करने का आरोप लगाते हुए नामजद पांच लोगों के खिलाफ तहरीर दी है। पोस्टमार्टम रिपोर्ट मिलने के बाद ही आगे की कार्रवाई की जाएगी। फिलहाल मुकदमा दर्ज नहीं किया गया है। नवाब सिंह, इंस्पेक्टर मूंढापांडे

संबंधित समाचार