बरेली: मेडिकल कॉलेज बनाने के लिए झोपड़ पट्टियों पर चली जेसीबी
बरेली। उत्तर प्रदेश के बरेली में मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ की घोषणा के तहत राजकीय यूनानी मेडिकल कॉलेज का निर्माण होना है। जिसके लिए प्रशासन ने हजियापुर में जमीन को चिन्हित किया। मगर यहां पर झोपड़ पट्टियां होने से प्रशासन को दिक्कतों का सामना करना पड़ रहा है। गुरुवार को नगर निगम के प्रर्वतन दल ने …
बरेली। उत्तर प्रदेश के बरेली में मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ की घोषणा के तहत राजकीय यूनानी मेडिकल कॉलेज का निर्माण होना है। जिसके लिए प्रशासन ने हजियापुर में जमीन को चिन्हित किया। मगर यहां पर झोपड़ पट्टियां होने से प्रशासन को दिक्कतों का सामना करना पड़ रहा है।
गुरुवार को नगर निगम के प्रर्वतन दल ने पीडब्ल्यूडी व पुलिस की मौजूदगी में अभियान चलाकर यूनानी मेडिकल कॉलेज की जमीन से अवैध अतिक्रमण हटा दिया। इस दौरान कब्जेदारों ने विरोध करने की कोशिश की लेकिन प्रवर्तन दल ने सख्ती दिखाते हुए जमीन को खाली करा दिया।
कमिश्नर से चर्चा के बाद हजियापुर पहुंची नगर निगम की टीम
दरअसल, शहर के वार्ड हजियापुर में राजकीय मेडिकल कॉलेज को गाटा संख्या 210, 211 और 212 पर स्थापित किया जाना है। चूंकि यह घोषणा मुख्यमंत्री ने की है और हाल में इसे लेकर मंडलायुक्त आर. रमेश प्रसाद के सामने इस मामले में चर्चा भी हुई थी। इसके बाद नगर निगम के प्रर्वतन दल के रिटायर्ड कर्नल सुधीर भोला, जयपाल सिंह पटेल, मानचित्रकार हसन पीडब्ल्यूडी व पुलिस की टीम ने गुरुवार को हजियापुर पहुंचकर कॉलेज की चिन्हित जमीन पर काबिज लोगों को हटाने की कार्रवाई शुरू कर दी। इस दौरान झोपड़पट्टी में रहने वाले लोगों ने अतिक्रमण हटाने आई टीम का विरोध करने की कोशिश की लेकिन अफसरों ने उन्हें समझा बुझाकर शांत कर दिया। इसके बाद जेसीबी की मदद से झोपड़पट्टियों को गिरा दिया गया।
जब तक चली कार्रवाई, मची रही अफरातरफरी
नगर निगम की अवैध निर्माण हटाने की कार्रवाई करीब तीन घंटे तक चली। इस कार्रवाई में काफी अफरा-तफरी मची रही। मेडिकल कॉलेज बनाने के लिए चिन्हित जमीन से हटाए गए लोगों का कहना था कि वे आर्थिक तौर से कमजोर हैं और वे बेघर हो गए हैं। इसलिए सरकार को उन्हें बसाने के लिए मदद करनी चाहिए। अपर नगर आयुक्त अजीत कुमार सिंह ने बताया कि मेडिकल कॉलेज का निर्माण जल्द से जल्द शुरू कराने की तैयारी की जा रही है।
