बरेली: 624 मार्गों पर करीब 910 किलोमीटर तक सड़क पर गड्ढे
बरेली, अमृत विचार। मुख्यमंत्री ने सड़कों को 15 नवंबर तक गड्ढामुक्त करने के निर्देश दिए हैं। इसके बाद जिला स्तर पर जर्जर सड़कों को चिह्नित किया गया तो चौकाने वाले आंकड़े सामने आए। जिले भर की सड़कें क्षतिग्रस्त निकलीं हैं। विधानसभा क्षेत्र बहेड़ी, मीरगंज, आंवला, भोजीपुरा, नवाबगंज, बिथरी चैनपुर, फरीदपुर, शहर व कैंट क्षेत्र के …
बरेली, अमृत विचार। मुख्यमंत्री ने सड़कों को 15 नवंबर तक गड्ढामुक्त करने के निर्देश दिए हैं। इसके बाद जिला स्तर पर जर्जर सड़कों को चिह्नित किया गया तो चौकाने वाले आंकड़े सामने आए। जिले भर की सड़कें क्षतिग्रस्त निकलीं हैं। विधानसभा क्षेत्र बहेड़ी, मीरगंज, आंवला, भोजीपुरा, नवाबगंज, बिथरी चैनपुर, फरीदपुर, शहर व कैंट क्षेत्र के 624 मार्गों की हालत जर्जर है। गड्ढा मुक्त करने के लिए जर्जर सड़कों की लंबाई देखी गयी तब 910 किलोमीटर निकली। सड़कें 240 किलोमीटर लंबाई तक मरम्मत मांग रही हैं।
गुरुवार को जिलाधिकारी नितीश कुमार ने गढ्ढामुक्ति के प्रस्तावित कार्यों की समीक्षा कर सभी विधानसभाओं में जल्द सड़कों की दशा सुधारने के निर्देश दिए। कार्यदायी संस्थाओं को निर्देश दिए कि कार्ययोजना बनाकर सड़कों को गुणवत्तापूर्वक सही से बनाएं। किसी प्रकार की शिथिलता न बरती जाए। लापरवाही बतरने पर कड़ी कार्रवाई के निर्देश दिए। अपने कैम्प कार्यालय में जनप्रतिनिधियों और अधिकारियों के साथ सड़कों को गड्ढा मुक्त करने के लिए डीएम ने बैठक ली।
जिलाधिकारी ने विधानसभा वार सड़कों के कुल 200 मार्गों का निर्माण, चौड़ीकरण, मरम्मत आदि के कार्य की समीक्षा की। कहा कि इनमें कुछ सम्पर्क मार्ग भी शामिल हैं। जिन मार्गों का निर्माण होना है, उसके लिए साइट पर तैयारी शुरू कर दें ताकि बारिश के समाप्त होते ही सड़क निर्माण कार्य शुरू किया जा सके। जिलाधिकारी ने कहा कि प्रस्तावित कार्य के लिए समुचित धनराशि उपलब्ध है। अधिकारियों और कार्यदायी संस्थाओं को निर्देश दिए कि सड़कों की स्वीकृत धनराशि का सदुपयोग होना चाहिए। सड़क की गुणवत्ता खराब मिलने पर संबंधित कार्यदायी संस्था से धनराशि की वसूली की जायेगी।
जनप्रतिनिधि से कहा कि वे स्वयं भी सड़कों के निर्माण कार्य पर कड़ी निगरानी रखें। उनकी फीडबैक रिपोर्ट के आधार पर यदि किसी सड़क निर्माण में गड़बड़ी पाई गई तो संबंधित ठेकेदार के खिलाफ कड़ी कार्यवाही की जायेगी। शहर विधायक डा अरुण कुमार, विधायक बहोरन लाल मौर्य, विधायक डा श्यामबिहारी लाल, विधायक डा डीसी वर्मा, विधायक छत्रपाल गंगवार, विधायक आंवला व बिथरी चैनपुर के प्रतिनिधि सहित मुख्य विकास अधिकारी चन्द्रमोहन गर्ग, पीडब्लूडी विभाग, पीएमजेएसवाई आदि अधिकारी मौजूद रहे।
