मुरादाबाद: चाइल्ड लाइन को मिली मंदबुद्धि किशोरी, खरीदारी के दौरान परिजनों से गई थी बिछड़
मुरादाबाद, अमृत विचार। तीन दिन पहले कटघर क्षेत्र में मिली मंदबुद्धि किशोरी के परिजनों को आखिरकार चाइल्ड लाइन ने तलाश लिया। किशोरी बरेली के बिलसा गांव की रहने वाली थी और एक जन्मदिन के कार्यक्रम में शामिल होने के लिए अपनी मां के साथ रामपुर आई थी। वहां पर खरीददारी के दौरान वह अपने परिजनों …
मुरादाबाद, अमृत विचार। तीन दिन पहले कटघर क्षेत्र में मिली मंदबुद्धि किशोरी के परिजनों को आखिरकार चाइल्ड लाइन ने तलाश लिया। किशोरी बरेली के बिलसा गांव की रहने वाली थी और एक जन्मदिन के कार्यक्रम में शामिल होने के लिए अपनी मां के साथ रामपुर आई थी। वहां पर खरीददारी के दौरान वह अपने परिजनों से बिछुड़ गई थी। पदाधिकारियों ने किसी तरह परिजनों का तलाश कर इसकी सूचना दी तो रविवार को वह भी चाइल्ड लाइन के कार्यालय आ गए। इसके बाद उसे परिजनों के सुपुर्द कर दिया गया।
गुरुवार की देर शाम कटघर थाना क्षेत्र में बस स्टैंड के पास एक किशोरी लावारिस हालत में घूमते मिली थी। लड़की कभी जोर-जोर से गाना गाने लगती तो कभी रोने लगती। उसकी हरकतें देख लोगों को शक हुआ तो उससे पूछताछ की। हालांकि कई बार पूछने पर वह अपना नाम-पता भी नहीं बता पाई। जिस पर उन्होंने पुलिस को सूचना दी। थाने लाकर कटघर पुलिस ने भी काफी देर तक पूछताछ की लेकिन वह अपने संबंध में कोई जानकारी नहीं दे सकी। इसके बाद उसे चाइल्ड लाइन के सुपुर्द कर दिया गया है।
इसके बाद चाइल्ड लाइन के पदाधिकारी उसके परिजनों की तलाश में जुट गए थे। चाइल्ड लाइन के पदाधिकारी मुकेश कुमार ने काफी मशक्कत के बाद किशोरी के परिजनों को तलाश लिया। परिजन बरेली जिले के ग्राम बिलसा के रहने वाले थे। किसी तरह मुकेश ने संपर्क कर उनको सूचना दी तो रविवार को परिजन भी मौके पर आ गए। पिता राकेश कुमार ने बताया कि वह रुद्रपुर में प्लाईबुड का काम करता है।
जबकि मां अनारकली ग्रहणी हैं। परिजनों ने बताया कि 15 सितंबर को एक जन्मदिन के कार्यक्रम में शामिल होने के लिए किशोरी अपनी मां के साथ रामपुर आई थी। बाजार में खरीददारी करने के दौरान वह परिजनों से बिछुड़ गई थी। चाइल्ड लाइन की समन्वयक श्रद्धा शर्मा ने बताया कि किशोरी को परिजनों के सुपुर्द कर दिया गया है।
