मुरादाबाद: मकान दिलाने के नाम पर पीएसी के जवान से हड़पे 5.85 लाख रुपये, दो पर केस दर्ज

Amrit Vichar Network
Edited By Amrit Vichar
On

मुरादाबाद, अमृत विचार। दिल्ली में मकान दिलाने के बहाने दो रिश्तेदारों ने पीएसी के जवान से 5.85 लाख रुपये हड़प लिए। आरोपियों ने रकम वापस मांगने पर 23वीं वाहिनी पीएसी में पहुंच कर जवान और उसके परिजनों से गाली गलौच कर जान से मारने की धमकी दी। डीआईजी के आदेश पर सिविल लाइंस थाने में …

मुरादाबाद, अमृत विचार। दिल्ली में मकान दिलाने के बहाने दो रिश्तेदारों ने पीएसी के जवान से 5.85 लाख रुपये हड़प लिए। आरोपियों ने रकम वापस मांगने पर 23वीं वाहिनी पीएसी में पहुंच कर जवान और उसके परिजनों से गाली गलौच कर जान से मारने की धमकी दी। डीआईजी के आदेश पर सिविल लाइंस थाने में केस दर्ज किया गया है।

बदायूं के उधैती थाना क्षेत्र के गांव सरह बरोलिया निवासी मेहंदी हसन पीएसी में हेड कांस्टेबल है। उनकी तैनाती 23वीं वाहिनी पीएसी में है। मेहंदी हसन के अनुसार उनके साले नूर का दामाद सिरौली जिला बरेली निवासी मोहम्मद युनूस सैफी प्रॉपर्टी डीलिंग का काम करता है। मेहंदी हसन के अनुसार यूनुस ने उसे दिल्ली के आयातनगर में एक मकान दिलाने की बात कही थी। 5 लाख 85 हजार रुपये भी यह कहकर ले लिया कि मकान की रजिस्ट्री मेहंदी हसन की पत्नी अनीस बेगम के नाम करा देगा। आरोप है कि रकम लेने के बाद आरोपी ने मकान का बैनामा अपने नाम करा लिया।

इसकी जानकारी होने पर जब मेहंदी हसन ने रकम वापस मांगी तो उसने मुराबाद में आकर रकम देने को कहा। पीएसी जवान के अनुसार तीन फरवरी को युनूस गौतमबुद्ध नगर निवासी अपने साथी सलीम के घर 23वीं वाहिनी पीएसी स्थित उसके सरकारी आवास पर आया। वहां आरोपियों ने मेहंदी हसन की पत्नी से गाली गलौच कर धमकी दी। बाद में मेहंदी हसन पहुंचा तो उसके साथ भी गाली गलौच कर जान से मारने की धमकी दी।

तब मेहंदी हसन ने डीआईजी के समक्ष गुहार लगाई। डीआईजी ने सिविल लाइंस पुलिस को केस दर्ज करने के आदेश दिए थे। इंस्पेक्टर सिविल लाइंस सहंसरवीर सिंह ने बताया कि तहरीर के आधार पर मोहम्मद युनूस सैफी और सलीम के खिलाफ धोखाधड़ी व धमकी देने का मुकदमा दर्ज किया गया है। मामले की जांच की जा रही है।

संबंधित समाचार