बरेली: उद्यमी पर हमला करने वालों के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज
सीबीगंज, अमृत विचार। बेस्ट एक्सपोर्टर अवार्ड के लिए बरेली से चुने गए उद्यमी गौरव मित्तल पर जानलेवा हमले के मामले में अज्ञात के खिलाफ पुलिस ने रिपोर्ट दर्ज कर ली। स्वास्थ्य परीक्षण में भी गौरव के गंभीर चोटों की पुष्टि हुई है। थाना बारादरी के सिंधु नगर निवासी गौरव मित्तल की जौहरपुर सीबीगंज में एरोमैटिक …
सीबीगंज, अमृत विचार। बेस्ट एक्सपोर्टर अवार्ड के लिए बरेली से चुने गए उद्यमी गौरव मित्तल पर जानलेवा हमले के मामले में अज्ञात के खिलाफ पुलिस ने रिपोर्ट दर्ज कर ली। स्वास्थ्य परीक्षण में भी गौरव के गंभीर चोटों की पुष्टि हुई है।
थाना बारादरी के सिंधु नगर निवासी गौरव मित्तल की जौहरपुर सीबीगंज में एरोमैटिक एंड एलाइड केमिकल्स नाम से परफ्यूम बनाने की फैक्ट्री है। गौरव शनिवार को साइकिलिंग करते हुए फैक्ट्री से घर जा रहे थे। जीटीआई के पास काली मंदिर पर एक ऑटो में सवार कुछ लोगों ने उनसे बेवजह झगड़ा किया था। मौजूद लोगों ने उनका बचाव किया। जिसके बाद ऑटो में सवार हमलावर आगे चले गए।
आरोप है कि गौरव फिर साइकिल लेकर आगे बढ़े तो करीब एक किलोमीटर बाद कैंफर फैक्ट्री पर उसी तेज रफ्तार ऑटो ने पीछे से उन्हें जोरदार टक्कर मार दी जिसमें वह साइकिल समेत रोड पर घिसटते हुए काफी दूर जा गिरे। उद्यमी ने खुद पर जान से मारने की नीयत से हमले की तहरीर सीबीगंज थाने में सौंपी थी। शनिवार देर रात पुलिस ने अज्ञात हमलावरों के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर लिया।
हाईवे पर लगे सीसीटीवी खंगाल रही पुलिस
उद्यमी पर हमले के बाद पुलिस ने रामपुर रोड पर लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाली जिसमें कुछ स्थानों पर लगे सीसीटीवी कैमरों का रोड की ओर फोकस है। पुलिस अब इन फुटेज के आधार पर जांच करेगी कि उद्यमी के निकलने के बाद पीछे से कौन सा ऑटो तेज रफ्तार में गया है।
