यूपी: अखिलेश ने कसा तंज, कहा- विज्ञापनों में ही ‘विकास उत्सव’ मना रही भाजपा

Amrit Vichar Network
Edited By Amrit Vichar
On

लखनऊ। समाजवादी पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष अखिलेश यादव ने सोमवार को बयान जारी कर कहा कि साढ़े चार साल का कार्यकाल पूरा होने पर भाजपा विज्ञापनों में ही ‘विकास उत्सव‘ मना रही है जनता में कहीं न उत्सव का माहौल है और नहीं सरकारी उपलब्धियों की चर्चा है। सभी लोग यह समझ गए हैं कि …

लखनऊ। समाजवादी पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष अखिलेश यादव ने सोमवार को बयान जारी कर कहा कि साढ़े चार साल का कार्यकाल पूरा होने पर भाजपा विज्ञापनों में ही ‘विकास उत्सव‘ मना रही है जनता में कहीं न उत्सव का माहौल है और नहीं सरकारी उपलब्धियों की चर्चा है। सभी लोग यह समझ गए हैं कि भाजपा झूठे प्रचार और आंकड़ेबाजी में ही विकास का मायाजाल बुन रही है। भाजपाई प्रचारजीवियों को सन् 2022 के लिए जनता बेदखली की नोटिस जारी कर चुकी। फिर किसान, व्यापारी, महिला, नौजवान सब मिलकर भाजपा को विदाई दे देंगे।

उन्होंने कहा कि जिन उपलब्धियों और विकास का हल्ला मुख्यमंत्री एक इलेक्ट्रानिक चैनेल के सामने कर रहे हैं, उनकी ढोल की पोल जनता जानती है। पिछले सात महीनों में 12 हजार से ज्यादा लोगों की सड़क के गड्ढों की वजह से जानें गई हैं। लखनऊ हो या गोरखपुर, वाराणसी हो या कानपुर, बरेली हो या अयोध्या हर जगह टूटी गड्ढ़ायुक्त सड़कें दिखाई देती हैं। भाजपा सरकार के विकास की यही जमीनी हकीकत है। अखिलेश ने कहा कि पूर्वी प्रदेश के 10 जिलों को सीधे राजधानी से जोड़ने वाले समाजवादी पूर्वांचल एक्सप्रेस-वे जिसका शिलान्यास समाजवादी सरकार में हो चुका था, इसका उद्घाटन से पहले ही इसमें दरारें आ गई है। वाराणसी के शहरी क्षेत्र की 50 फीसदी सड़कें खराब हैं। गोरखपुर में भी सड़कें उखड़ी हुई हैं।

खुद राजधानी के शहीद पथ पर पांच सौ से ज्यादा गड्ढे़ भाजपा की किस्मत को रो रहे हैं। उन्होंने बताया कि अयोध्या में वैसे तो ट्रिपल इंजन की सरकारे हैं। नगर निगम, सांसद, विधायक सब भाजपा के तब भी वहां सड़कों पर विकास का दरिया बह रहा है। जलभराव से तमाम क्षेत्रों में लोगों का और उनके पशुओं की जिंदगी नरक बन गई है। गंदगी, बीमारी का चारों ओर जोर है। जनविरोधी, किसान विरोधी और झूठी सरकार को लोग अब और बर्दाश्त नहीं कर सकते। राज्य की जनता का आदेश है कि 2022 में समाजवादी सरकार पहले की तरह विकास का रास्ता प्रशस्त करेगी।

संबंधित समाचार