मुरादाबाद: मंडी समिति में 22 दिन में दूसरी बार मिले गोवंश के अवशेष, हंगामा
मुरादाबाद, अमृत विचार। मझोला थानाक्षेत्र में मंडी समिति में 22 दिन में दूसरी बार गोवंश के अवशेष मिलने पर जमकर हंगामा हो गया। बजरंग दल कार्यकर्ताओं ने चौकी इंचार्ज और सिपाहियों पर ही गोकशी कराने का आरोप लगाते हुए कार्रवाई की मांग की। एडीएम सिटी और एसपी सिटी ने जांच कर दोषी पुलिसकर्मियों के खिलाफ …
मुरादाबाद, अमृत विचार। मझोला थानाक्षेत्र में मंडी समिति में 22 दिन में दूसरी बार गोवंश के अवशेष मिलने पर जमकर हंगामा हो गया। बजरंग दल कार्यकर्ताओं ने चौकी इंचार्ज और सिपाहियों पर ही गोकशी कराने का आरोप लगाते हुए कार्रवाई की मांग की। एडीएम सिटी और एसपी सिटी ने जांच कर दोषी पुलिसकर्मियों के खिलाफ जांच कर कार्रवाई का आश्वासन देकर आक्रोशित लोगों को शांत किया।
बुधवार की सुबह मंडी समिति पुलिस चौकी के पीछे गोवंश के अवशेष मिलने क्षेत्र में हड़कंप मच गया। एक माह में दूसरी बार गोवंश के अवशेष पर क्षेत्रीय लोग भड़क गए। उन्होंने बजरंग दल कार्यकर्ताओं के साथ जमकर हंगामा किया। बजरंग दल कार्यकर्ता मंडी समिति चौकी इंचार्ज और लैपर्ड पर तैनात सिपाहियों पर क्षेत्र में गोकशी कराने का आरोप लगा रहे थे। अफसरों की देरी पर हंगामा इस कदर बढ़ा कि पदाधिकारियों ने मंडी समिति गेट पर धरना-प्रदर्शन शुरू कर दिया।
पुलिस और प्रशासनिक अधिकारियों के खिलाफ जमकर नारेबाजी की। हंगामा बढ़ने पर एडीएम सिटी आलोक कुमार वर्मा और एसपी सिटी अमित कुमार आनंद भारी फोर्स के साथ मौके पर पहुंच गए। क्षेत्रीय लोगों में आक्रोश बढ़ता देख एसपी सिटी ने मामले की जांच कर दोषी पुलिस वालों के खिलाफ कार्रवाई का आश्वासन देकर मामले को शांत कराया। हंगामे के कारण करीब तीन घंटे तक मंडी समिति में अफरा-तफरी का माहौल रहा। इसके बाद पुलिस-प्रशासनिक अफसर व पदाधिकारियों की मौजूदगी में गढ्ढा खोदकर अवशेष दबा दिए गए। इस दौरान बजरंग दल के वरुण शर्मा, राम राजपूत, अनिल कठेरिया और गौरव भटनागर समेत बड़ी संख्या में क्षेत्रीय लोग मौजूद रहे।
पुलिस चौकी के पीछे एक सितंबर को भी मिले थे गोवंश के अवशेष
मुरादाबाद। मंडी समिति में पुलिस चौकी के ठीक पीछे गोवंश के अवशेष मिलने की घटना पहली नहीं है। एक सितंबर को भी गोवंश के अवशेष मिले थे और क्षेत्रीय लोगों के साथ-साथ हिंदू संगठनों ने प्रदर्शन किया था। हर बार अफसर आश्वासन तो देते हैं लेकिन, अवशेष मिलने का सिलसिला थम नहीं रहा है। यही वजह रही कि बुधवार को सभी के तेवर तल्ख थे। मामला शांत होने के बाद बजरंग दल पदाधिकारियों ने चेतावनी दी कि अगर फिर ऐसी घटना की पुनरावृत्ति होती है तो आंदोलन किया जाएगा।
महानगर की अधिकतर हिन्दू आबादी लाइनपार में बसी है। मंडी समिति के चारों ओर भी हिन्दुओं की कालोनी है। हालांकि इसके बाद भी गोवंशीय पशुओं के अवशेष मिलने पर हंगामा इसी क्षेत्र में होता है। बुधवार को जब अवशेष मिलने की सूचना पर पदाधिकारी पहुंचे तो लोगों के तेवर काफी तल्ख थे। आरोप था कि पुलिस की मिलीभगत से यहां पर गोकशी करने वाले सक्रिय हैं। उनका कहना था कि मंडी समिति में फल और सब्जियों के चक्कर में दिन भर बेसहारा जानवरों का जमावड़ा रहता है। रात के अंधेरे में गोकशी करने वाले इन बेसहारा जानवरों का वध कर देते हैं। बाद में अवशेष फेंककर चले जाते हैं। बजरंग दल कार्यकर्ताओं का आरोप था कि पूरा खेल पुलिस की मिलीभगत से होता है। उन्होंने चेतावनी देते हुए कहा कि अगर दुबारा ऐसी घटना की पुनरावृत्ति होती है तो आंदोलन किया जाएगा।
पड़ोसी जिले में सीएम, अफसर हुए हलकान
मुरादाबाद। मंडी समिति में गोवंशीय पशुओं के अवशेष मिलने के बाद शुरू हुए हंगामे ने अफसरों को हलकान कर दिया। दरअसल बुधवार को पड़ोसी जिले अमरोहा में सीएम योगी आदित्यनाथ की जनसभा थी। अधिकतर अधिकारी उसी कार्यक्रम में व्यस्त थे। इधर हंगामे की सूचना मिलने पर एसपी सिटी अमित कुमार आनंद भारी फोर्स के साथ मौके पर पहुंच गए।
एक प्लाटून पीएसी भी बुला ली गई। आनन-फानन में मंडी समिति को छावनी में तब्दील कर दिया गया। अफसरों का प्रयास था कि किसी तरह से मामले को शांत कराया जाए। यही वजह रही कि आते ही अफसर मान-मनौव्वल में जुट गए। करीब दो घंटे की मशक्कत के बाद अफसरों ने आक्रोशित बजरंग दल पदाधिकारी व क्षेत्रीय लोगों को शांत कराया।
