बरेली: प्रवीण सिंह ऐरन के विरुद्ध सीनियर आईएएस भुवनेश कुमार कोर्ट में देंगे गवाही

Amrit Vichar Network
Edited By Amrit Vichar
On

बरेली, अमृत विचार। करीब 15 साल पहले नगर निगम चुनाव में जोगी नवादा क्षेत्र के मतदान केंद्र पर पप्पू गिरधारी के बूथ कैप्चरिंग करने की सूचना पर लाइसेंसी रिवाल्वर लेकर पहुंचने के प्रकरण में कांग्रेस के वरिष्ठ नेता एवं पूर्व सांसद प्रवीण सिंह ऐरन की मुश्किलें बढ़ती दिख रही हैं। उनके विरुद्ध स्पेशल कोर्ट एमपी/एमएलए …

बरेली, अमृत विचार। करीब 15 साल पहले नगर निगम चुनाव में जोगी नवादा क्षेत्र के मतदान केंद्र पर पप्पू गिरधारी के बूथ कैप्चरिंग करने की सूचना पर लाइसेंसी रिवाल्वर लेकर पहुंचने के प्रकरण में कांग्रेस के वरिष्ठ नेता एवं पूर्व सांसद प्रवीण सिंह ऐरन की मुश्किलें बढ़ती दिख रही हैं। उनके विरुद्ध स्पेशल कोर्ट एमपी/एमएलए में केस चल रहा है। इस प्रकरण में शुक्रवार को सुनवाई होनी है।

इसमें सबसे अहम बात यह है कि 2006 के तत्कालीन जिलाधिकारी एवं वर्तमान में केन्द्रीय इलेक्ट्रॉनिक्स व सूचना प्रौद्योगिकी मंत्रालय में संयुक्त सचिव सीनियर आईएएस भुवनेश कुमार पूर्व सांसद के विरुद्ध कोर्ट में गवाही देने आ रहे हैं। भुवनेश कुमार ने ही ऐरन के विरूद्व वर्ष 2006 में जिलाधिकारी रहते हुए कोर्ट में परिवाद दायर कराया था। पूर्व में वह राज्य में वित्त विभाग में प्रमुख सचिव के पद पर भी रह चुके हैं।

प्रवीण सिंह ऐरन के विरुद्ध भुवनेश कुमार ने परिवाद चलाये जाने को अर्जी देकर आरोप लगाया था कि 27 सितम्बर 2006 में दुर्गा पूजा, दशहरा, दीपावली, ईद-उल-फितर व नगर निकायों के चुनाव के दौरान जिले में शांति व्यवस्था बनाये रखने के लिए धारा-144 लागू कर उन्होंने आदेश किया था कि राज्य कर्मचारी, जिनको अपने कर्तव्य पालन के लिए हथियार की आवश्यकता है, उनको छोड़कर कोई भी व्यक्ति बंदूक, पिस्तौल, रिवाल्वर आदि को सार्वजनिक स्थान पर ले कर नहीं चलेगा।

31 अक्टूबर 2006 को चुनाव के दौरान थाना बारादरी के जोगी नवादा के मतदान स्थल दीनानाथ इन्टर कॉलेज पर प्रवीण सिंह ऐरन अपनी 32 बोर की लाइसेन्सी रिवाल्वर मय 14 कारतूस के साथ करीब 3 बजे पहुंचे थे। वहां पर भीड़भाड एवं हीलाहवाली में उनका रिवाल्वर मय लाइसेंस के गिर गया। जिसे ड्यूटी पर तैनात एसआई रवीन्द्र प्रताप सिंह ने कब्जे में लेकर थाने में दाखिल किया था।

प्रकरण में तत्कालीन प्रभारी निरीक्षक बारादरी अनिल कुमार यादव, एसआई रवीन्द्र प्रताप सिंह, पीएसी के हेड कांस्टेबल योगेन्द्र सिंह, रिपोर्ट लेखक राजपाल सिंह को गवाह बनाया था। प्रवीण सिंह ऐरन ने 20 सितम्बर 2010 में अदालत में दिए अपने बयान में कहा था कि मेरी पत्नी सुप्रिया ऐरन मेयर का चुनाव लड़ रही थीं।

पप्पू गिरधारी का भतीजा भी चुनाव लड़ रहा था। पप्पू गिरधारी जोगी नवादा में बूथ कैप्चरिंग करा रहे थे। मैने उनको ऐसा करने से रोका तो सत्ता के दबाब में आकर मेरे विरुद्ध प्रशासन ने मुकदमा दर्ज करा दिया है। मामले में आज सुनवाई होनी है।

पप्पू गिरधारी के विरुद्ध जारी गैर जमानती वारंट 1 अक्टूबर तक स्थगित
31 वर्ष पूर्व सिविल लाइंस में हुए जैन दंपत्ति हत्याकांड के मुख्य आरोपी गिरधारी लाल साहू उर्फ पप्पू गिरधारी के विरुद्ध बीती 29 जुलाई व 5 अगस्त को ट्रायल कोर्ट द्वारा जारी गैर जमानती वारंट को सेशन कोर्ट ने 1 अक्टूबर तक दोबारा स्थगित कर दिया। बीते दिनों सेशन कोर्ट से जारी एनबीडब्लू के विरुद्ध पप्पू गिरधारी हाईकोर्ट चले गये थे।

गुरुवार को पप्पू के एडवोकेट अनिल भटनागर ने कोर्ट को बताया कि हाईकोर्ट में अर्जी पर सुनवाई को 22 सितंबर को सुनवाई नहीं हो सकी। वहां अगली सुनवाई 27 सितम्बर को होनी है। लिहाजा, पूर्व की भांति एनबीडब्लू को स्थगित किये जाने की याचना की। जिस पर सेशन कोर्ट ने एनबीडब्लू पर कार्रवाई स्टे रखते हुए सुनवाई को 1 अक्टूबर की तिथि नियत की है।

संबंधित समाचार