बरेली: पुणे की खाद्य पदार्थ कंपनी के कर्मचारियों ने की 3 लाख की ठगी
बरेली, अमृत विचार। खाद्य पदार्थों का निर्माण करने वाली पुणे स्थित कंपनी के बरेली में कार्यरत दो कर्मचारियों ने कंपनी के लाखों रुपये हड़प कर लिए। कर्मचारियों ने शहर में कंपनी का माल तो बेचा लेकिन कंपनी को रकम नहीं दी। कंपनी के जांच अधिकारी ने मामले को सही पाया। जिसके बाद कंपनी के सह-प्रबंधक …
बरेली, अमृत विचार। खाद्य पदार्थों का निर्माण करने वाली पुणे स्थित कंपनी के बरेली में कार्यरत दो कर्मचारियों ने कंपनी के लाखों रुपये हड़प कर लिए। कर्मचारियों ने शहर में कंपनी का माल तो बेचा लेकिन कंपनी को रकम नहीं दी। कंपनी के जांच अधिकारी ने मामले को सही पाया। जिसके बाद कंपनी के सह-प्रबंधक की ओर से एसएसपी के आदेश पर बारादरी पुलिस ने दोनों कर्मचारियों के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज की है।
जलगांव में संचालित निलांस इंटरप्राइजेज प्राइवेट लिमिटेड कंपनी के सह प्रबंधक अखिलेश भटनागर ने बताया कि उनकी कंपनी अचार, मसाले, पापड़ व अन्य तरह के खाद्य पदार्थों का निर्माण करती है। व्यवसायिक तौर पर कंपनी ने 12 मार्च 2019 को प्रेमनगर थाना क्षेत्र के भूड़ स्थित सुमनकुंज निवासी अतुल सक्सेना को बरेली जिले का सेल्स ऑर्गेनाइजर के पद पर व 11 सितंबर 2020 को संजय नगर स्थित मेगा सिटी निवासी रजत रावत को जिले का एरिया सेल्स मैनेजर के पद पर नियुक्त किया था। बताया कि कंपनी को दोनों कर्मचारियों की तरफ से कंपनी के साथ धोखाधड़ी की शिकायत मिली थी।
जिसकी जांच-पड़ताल के लिए उन्हें महाराष्ट्र से बरेली भेजा गया था। 15 सितंबर को सह प्रबंधक ने बरेली पहुंचकर जांच शुरू की तो पता चला कि आरोपी अतुल सक्सेना ने बरेली स्थित आनंद एण्ड कंपनी से कंपनी के प्रोडक्ट टूटी-फूटी खरीदने के नाम पर 68 हजार 850 रुपये ले लिए लेकिन कंपनी को भुगतान नहीं किया। साथ ही व्यापारी से ब्रेकेज व डैमेज का क्लेम भी 3 साल से कंपनी के नाम से वसूल कर रहे थे उसका भुगतान भी कंपनी तक नहीं पहुंचाया।
इसके अलावा श्यामगंज स्थित नंद केशव सेल्स प्रा. लि. से कंपनी के नाम पर 1 लाख 71 हजार 346 रुपयों का भुगतान भी ले लिया लेकिन कंपनी को नहीं राशि का भुगतान नहीं किया। सह प्रबंधक ने बताया कि 16 सितंबर को पड़ताल के बाद बारादरी पुलिस को दोनों कर्मचारियों के खिलाफ शिकायत की थी लेकिन कोई कार्रवाई नहीं हुई। जिसके बाद कंपनी प्रतिनिधि ने एसएसपी से शिकायत की। जिसके आधार पर बारादरी पुलिस ने दोनों आरोपियों के खिलाफ करीब 3 लाख रुपयों की धोखाधड़ी के आरोप में रिपोर्ट दर्ज की है।
कर्मचारियों की नियुक्ति कर सैलरी से लेते थे कमीशन
सह-प्रबंधक ने बताया कि अतुल सक्सेना व रजत रावत ने मिलकर दो सेल्स मेन अनुज कुमार व मोहन स्वरूप की नियुक्ति की। जिसके बाद जून माह में दोनों कर्मचारियों का इंसेटिव व सैलिरी आने के बाद आरोपियों ने अनुज से 5000 व मोहन स्वरूप से 9000 रुपये की वसूली की। कर्मचारियों ने जब इसका विरोध किया तो आरोपियों ने नौकरी से निकालने व मासिक वेतन रोक देने की धमकी देने लगे। सह प्रबंधक का आरोप है कि अतुल व रजत की बरेली समेत आगरा, कानपुर व उत्तराखंड में भी पोस्टिंग की गई थी। वहां पर भी इनके द्वारा धोखाधड़ी करने की काफी शिकायतें कंपनी के पास पहुंची थीं, जिसके लिए इन्हें नोटिस भी दिया गया था। नोटिस का संतुष्टि भरा जबाव न मिलने पर दोनों को 8 सितंबर को नौकरी से निकाल दिया गया था।
